India vs Sri Lanka: हाल ही में टी20 में इंग्लैंड की धरती पर मेजबानों से पिटने वाली और हालिया टेस्ट सीरीज में प्रदर्शन के लिए सवालों के बीच खड़ी टीम इंडिया अगले महीने दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने श्रीलंका के दौरे पर जाएगी. और दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान मंगलवार को किया जाएगा. BCCI सचिव देवाजीत सैकिया ने बताया, 'श्रीलंका टेस्ट दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन अगले दो दिनों में किया जाएगा. मंगलवार तक टीम की घोषणा हो जाएगी.'
सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा, जो स्पिन की मददगार पिच पर भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है. यह तो साफ ही है कि साल 2024 के आखिर में मेहमान न्यूजीलैंड के हाथों घर में 3-0 से पिटने के बाद भारतीय दिग्गज को टेस्ट में स्पिनरों को खेलने को लेकर नियमित रूप से आलोचकों के सवाल और ताने झेलने पड़ रहे हैं. अब देखने की बात होगी कि गॉल टेस्ट में टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है, तो वहीं दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के SSC मैदान पर खेला जाएगा.
सपोर्ट स्टाफ पर BCCI की समीक्षा बैठक
इसी के साथ BCCI अगस्त के पहले हफ्ते में टीम इंडिया के आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के व्हाइट-बॉल (सीमित ओवरों के) दौरों की समीक्षा करेगा. हाल ही में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से टी-20 सीरीज में अप्रत्याशित हार झेलनी पड़ी थी. वहीं, इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर भारत को टी-20 सीरीज में 4-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था.
शुभमन गिल की कप्तानी में भारत इंग्लैंड से वनडे सीरीज भी 2-1 से हार गया था. हालांकि, जिंबाब्वे दौरे पर भारत ने वापसी की है और तीन मैचों की सीरीज के पहले टी-20 मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज की है. BCCI सचिव ने स्पष्ट किया कि जिंबाब्वे दौरे से टीम के लौटने के बाद समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें इंग्लैंड दौरे पर हुई कमियों और कुछ सपोर्ट स्टाफ सदस्यों के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर चर्चा होगी.
टेन डोएशेट और टी दिलीप के कॉन्ट्रैक्ट पर फैसला
वहीं, मुख्य कोच गौतम गंभीर के सपोर्ट स्टाफ में शामिल दो प्रमुख सदस्यों सहायक कोच रियान टेन डोएशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप के अनुबंध को लेकर भी चर्चा होगी. डोएशेट पहले ही अपना अनुबंध आगे न बढ़ाने का अनुरोध कर चुके हैं और हाल ही में इसे लेकर बोर्ड अधिकारियों और उनके बीच खासी डिटेल से बात हुई थी. लेकिन सूत्रों के अनुसार टी. दिलीप की छुट्टी हो सकती है. पिछले दिनों इंग्लैंड सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों की फील्डिंग को लेकर खासे सवाल उठे थे. और BCCI के अधिकारी टीम की फील्डिंग से खुश नहीं थे. और तभी इस तरह की खबर आईं थी कि टी. दिलीप की छुट्टी हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं