विज्ञापन
1 month ago

India vs Thailand Women's Asia Cup 2026 Highlights: भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 94 रन से दमदार जीत दर्ज करते हुए विमेंस एशिया कप 2026 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया है. 159/9 का स्कोर बनाने के बाद 'विमेन इन ब्लू' ने विपक्षी खेमे को सिर्फ 65 रन पर ढेर कर दिया. भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने 7 गेंदों में बगैर कोई रन दिए 3 विकेट निकाले. इसी के साथ दीप्ति महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट (171) लेने वाली गेंदबाज बन गईं. इस मामले में उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग (170) को पीछे छोड़ दिया. 

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम दमदार शुरुआत के बावजूद 9 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी. स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 18 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की. मंधाना 10 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद शेफाली ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था.

भारतीय टीम को 9वें ओवर की अंतिम गेंद पर प्रतिका (22) के रूप में दूसरा झटका लगा, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. 'विमेन इन ब्लू' ने 13वें और 17वें ओवर में दो-दो विकेट गंवाए. इस बीच 'प्लेयर ऑफ द मैच' शेफाली 36 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 64 रन बनाकर पवेलियन लौट चुकी थीं.

भारत ने 17.2 ओवरों तक 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन ही जुटाए थे. यहां से क्रांति गौड़ (नाबाद 15) ने श्री चरणी (नाबाद 6) के साथ अंतिम विकेट के लिए 16 गेंदों में 22 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. भारत ने सिर्फ 29 रन पर अपने अंतिम सात विकेट गंवाए. 

इसके जवाब में थाईलैंड की टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर सिमट गई। इस टीम को पांचवीं गेद पर नट्टाकन चंतम (4) के रूप में पहला झटका लगा. इसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. हालांकि, नन्नापत कोंचारोएनकाई ने मोर्चा संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर पर उनका किसी ने साथ नहीं दिया.

टीम ने कोंचारोएनकाई के रूप में अपना अंतिम विकेट गंवाया, जो 48 गेंदों में 5 चौकों के साथ 41 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. उनके अलावा, इस पारी में कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं.  भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने 1.1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें बगैर कोई रन दिए 3 विकेट झटके. इनके अलावा, नंदिनी ने 18 रन देकर इतने ही विकेट चटकाए। श्री चरणी को 2 विकेट हाथ लगे, जबकि क्रांति गौड़ ने 1 विकेट अपने नाम किया.

India vs Thailand Live Score: भारत 94 रनों से जीता


चलिए भारत ने यह मुकाबला 94 रनों से अपने नाम कर लिया है. टीम इंडिया ने जीत के साथ अपने एशिया कप अभियान का आगाज किया है. आखिरी विकेट कोंचरोएनकाई का आया, जिन्हें दीप्ति ने अपना शिकार बनाया. दीप्ति ने मैच में 3 विकेट झटके और कोई रन नहीं दिया. 
 

India vs Thailand Live Score: भारत को नौंवी सफलता


क्रांति गौड़ की गेंद पर कोंचारोएन्काई ने मिड-ऑन की तरफ ज़ोरदार शॉट खेला और सिंगल के लिए दौड़ पड़ीं. कोंचारोएन्काई ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, लेकिन भारी कन्फ्यूज़न के कारण दोनों बल्लेबाज़ बीच में ही फंस गईं. स्मृति ने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स पर थ्रो मारा, जबकि दोनों बल्लेबाज़ पिच के बीच में लगभग एक साथ थीं. थर्ड अंपायर को यह तय करने में थोड़ा समय लगा कि कौन सी बल्लेबाज़ आउट है और आखिरकार कामचोम्फू को बिना खाता खोले (गोल्डन डक पर) पवेलियन लौटना पड़ा.
 

India vs Thailand Live Score: भारत को आठवीं सफलता


भारत को आठवीं सफलता मिली. नंदनी शर्मा ने लगातार दूसरी गेंद पर विकेट झटका. चतुरांगरत्ना को जाना होगा. ऋचा घोष ने कैच पकड़ा. चौथी स्टंप लाइन के आस-पास बेहतरीन लेंथ वाली गेंद, जो थोड़ी बाहर की ओर निकली. सुनीदा ने इसे खेलने की कोशिश की और गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर के पास चली गई. ऋचा घोष ने पहले प्रयास में गेंद को थोड़ा मिस किया. गेंद उनके ग्लव्स से छिटक गई. लेकिन आखिरकार उन्होंने उसे पकड़ लिया. भारत बड़ी जीत से सिर्फ दो विकेट दूर.

India vs Thailand Live Score: भारत को सातवीं सफलता

भारत को सातवीं सफलता मिली. नंदनी शर्मा ने सुलीपोर्न लाओमी का शिकार किया. शेफाली वर्मा ने कैच पकड़ा. गेंद डीप में गई. ऑफ स्टंप पर धीमी और फुल लेंथ गेंद थी. लाओमी ने लाइन के आर-पार ज़ोरदार शॉट खेलने की कोशिश की, धीमी गेंद को भांप नहीं पाईं, लेकिन शॉट खेल बैठीं और गेंद मिस-हिट होकर लॉन्ग-ऑन पर खड़ी शेफाली के हाथों में चली गई. 
 

India vs Thailand Live Score: भारत को छठी सफलता


दीप्ति ने ओवर का दूसरा शिकार किया. भारत को छठी सफलता मिली. इस विकेट के साथ ही दीप्ति T20I में संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं. नन्नाफट चाइहान ने मिस टाइम किया. स्वाइप करने की कोशिश थी. लेकिन सीधे फील्डर के हाथ में खेल दिया. नंदनी शर्मा ने कैच लेने में कोई गलती नहीं की. भारत बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है. 

India vs Thailand Live Score: भारत को पांचवीं सफलता


दीप्ति अटैक पर आईं और भारत को सफलता दिलाई. थाईलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है. नाओमी हैमिल्टन एलबीडब्यू आउट हुईं. गेंद सीधी रही. दीप्ति शर्मा ने एक ऐसी लेंथ वाली गेंद से शुरुआत की जो काफी अंदर की तरफ घूमी. नाओमी हैमिल्टन क्रीज़ पर ही फंसी रह गईं. गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे को छकाते हुए सीधे विकेट के सामने लगी. अंपायर के लिए यह फैसला लेना आसान था. नाओमी हैमिल्टन 1 रन बनाकर आउट.

India vs Thailand Live Score: भारत को चौथी सफलता


भारत को चौथी सफलता मिली. श्री चरणी को सफलता मिली. सुत्तिरुअंग को जाना होगा. स्मृति मंधाना ने कैच पकड़ा. गेंद बल्ले के निचले हिस्से से लगी और मिड-ऑन पर स्मृति मंधाना के लिए यह एक आसान कैच था. चनिदा सुत्तिरुअंग ने हवा में आती गेंद पर ज़ोरदार शॉट मारने की कोशिश की, लेकिन सही संपर्क नहीं हो पाया. गेंद हवा में मिड-ऑन की ओर गई, जहां मंधाना इंतज़ार कर रही थीं और उन्होंने कोई गलती नहीं की. सुत्तिरुअंग 5 रन बनाकर आउट.
 

India vs Thailand Live Score: भारत को तीसरी सफलता

भारत को तीसरी सफलता मिली. श्रीचरणी ने विकेट दिलाया. पावरप्ले के अंदर टीम इंडिया को तीसरा विकेट मिला है. सुवानचोनराथी एलबीडब्लूय आउट हुईं. मामला करीबी था और अंपायर ने उंगली उठा दी. अफिसारा सुवानचोनराथी फंस गईं. गेंद न तो बहुत फुल थी और न ही बहुत शॉर्ट. बैटर ने इसे ऑन साइड की तरफ खेलने की कोशिश की लेकिन चूक गईं और स्टंप्स के ठीक सामने फंस गईं. लेफ्ट-आर्म स्पिनर को अपने पहले ही ओवर में सफलता मिली. सुवानचोनराथी 1 रन बनाकर आउट हुईं.

5.4 ओवर: थाईलैंड 35/3 
 

India vs Thailand Live Score: नंदिनी शर्मा ने दिलाई दूसरी सफलता

भारत को चौथा ओवर शुरू होते ही दूसरी सफलता मिल गई. नंदिनी शर्मा की गेंद पर फनिता माया (6) कवर-पॉइंट पर प्रतीका रावल को कैच थमा बैठीं, जहां रावल ने शानदार लो-कैच लपककर बल्लेबाज की पारी का अंत किया.

India vs Thailand Live Score: भारत को पहले ही ओवर में मिली बड़ी सफलता

भारत को पहले ही ओवर में बड़ी सफलता मिली है. तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने ओवर की पांचवीं गेंद पर नट्टाकन चांतम (4) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया. चांतम ने ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर आक्रामक शुरुआत की थी, लेकिन क्रांति ने शानदार वापसी करते हुए ऑफ स्टंप बिखेर दिया.

India vs Thailand Live Score: थाईलैंड को 160 का लक्ष्य


चलिए टीम इंडिया ऑल-आउट हो नहीं हुआ है. थाईलैंड के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में जबरदस्त वापसी की है. हालांकि, आखिरी में क्रांति ने अच्छा केमियो किया. एक समय जब शेफाली ज़बरदस्त फ़ॉर्म में थीं, तो ऐसा लग रहा था कि वे 200 रन का आंकड़ा पार कर लेंगी, लेकिन बीच में टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई. पिच से गेंदबाजों को मदद मिल रही है.

India vs Thailand Live Score: भारत को नौंवा झटका

भारत को नौंवा झटका लगा है. 137 के स्कोर पर भारत ने तीसरा विकेट गंवाया.  सुथिरुआंग ने नंदनी शर्मा को बोल्ड किया. थाईलैंड इस समय भारत पर पूरी तरह हावी है. यह मिडिल और लेग स्टंप पर डाली गई एक चालाकी भरी धीमी गेंद थी, जो थोड़ी आगे भी थी. शर्मा इसे ठीक से नहीं खेल पाईं और गेंद उनके बल्ले को छकाते हुए लेग और मिडिल स्टंप से जा टकराई. 
 

India vs Thailand Live Score: भारत को आठवां झटका


ये हो क्या रहा है...भारत ने आठवां विकेट गंवा दिया है. भारतीय टीम क्या पूरे 20 ओवर खेल पाएगी? चतुरोंगराटना को ओवर की दूसरी सफलता. प्रेमा रावत स्टंप आउट. ऑफ स्टंप के काफी बाहर डफ्लोडेट डिलवरी, रावत क्रीज़ से बाहर निकलीं लेकिन गेंद की फ्लाइट और चालाकी से चकमा खा गईं. वह वापस क्रीज़ में नहीं लौट पाईं और एन. कोंचारोएनकाई ने पलक झपकते ही बेल्स गिरा दीं. 
 

India vs Thailand Live Score: भारत को सातवां झटका


जिस तरह से विकेट गिर रहे हैं, उससे लगता नहीं कि भारतीय टीम पूरे 20 ओवर खेल पाएगी. एक समय लग रहा था कि टीम इंडिया 200 रन आसानी से बना लेगी. चतुरोंगराटाना ने भारती फुलमाली का शिकार किया. सुवानचोनराथी ने कैच पकड़ा. सुनीदा चतुरोंगराटाना को पहला विकेट मिला. भारतीय टीम लड़खड़ा रही है. गेंद छोटी और स्टंप्स पर थी, फुलमाली ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के बीच से नहीं लगी और सीधे डीप मिडविकेट पर खड़े सुवानचोनराथी के हाथों में चली गई. भारती फुलमाली 13 रन बनाकर आउट.
 

India vs Thailand Live Score: भारत को छठा झटका

भारत को छठा झटका लगा है. दीप्ति शर्मा रन आउट हुईं. भारतीय टीम यहां लड़खड़ा रही है, लेकिन लाओमी ने कवर्स पर शानदार फ़ील्डिंग की. दीप्ति ने गेंद को ऑफ़ साइड की तरफ़ धकेला और एक ऐसे सिंगल के लिए दौड़ पड़ीं जिसकी कोई गुंजाइश नहीं थी.  लाओमी तेज़ी से गेंद तक पहुंचीं और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर सीधे स्टंप्स पर निशाना साधा. दीप्ति ने क्रीज़ तक पहुंचने के लिए ज़ोरदार डाइव लगाई. लेकिन वह क्रीज़ से काफ़ी दूर रह गईं. 

15.2 ओवर: भारत 127/6
 

India vs Thailand Live Score: थाईलैंड की जबरदस्त गेंदबाजी

बीते पांच ओवरों में 22 रन आए हैं और भारत ने 3 विकेट गंवाए हैं. थाईलैंड कितनी बेहतरीन गेंदबाजी कर रही है, इसका अंदाजा इसी से लगाइए कि 14 ओवर हो चुके हैं और थाईलैंड ने एक भी अतिरिक्त रन नहीं दिया है. क्रीज पर  भारती फुलमाली और दीप्ति हैं और दोनों की कोशिश टीम का स्कोर 170-190 के बीच लेकर जाने की होगी. पिछले ओवर से सिर्फ 5 रन आए हैं.

14.0 ओवर: भारत 117/5
 

India vs Thailand Live Score: भारत को पांचवां झटका

अरे ये क्या हुआ...भारत को पांचवां झटका लगा. सुलीपोर्न लाओमी अब हैट्रिक पर हैं. थिपाचा पुट्टावोंग ने कैच पकड़ा. सुलेपॉर्न को एक और विकेट मिला. ऋचा बिना खाता खोले (गोल्डन डक) आउट हो गईं. गेंद ऑफ स्टंप के बाहर हवा में थी, घोष 'इनसाइड-आउट' शॉट खेलना चाहती थीं, लेकिन गेंद को ऊंचाई नहीं दे पाईं और कवर पर खड़े थिपाचा के हाथों में सीधा कैच दे बैठीं. 2 ओवर में 3 विकेट गंवाने के बाद भारतीय महिला टीम मुश्किल में है. 

13.0 ओवर: भारत 112/5
 

India vs Thailand Live Score: भारत को चौथा झटका


भारत को चौथा झटका लगा. सुलीपोर्न लाओमी ने आक्रमक बल्लेबाज का शिकार किया. यह एक आसान विकेट था. क्रॉस-सीम गेंद. थोड़ा रुक कर आई. बल्लेबाज ने गेंद को बस हल्के से वापस बॉलर की तरफ उछाल दिया. पवेलियन लौटते समय वह खुद से खुश नहीं थीं. थाईलैंड को लगातार विकेट मिले हैं और उन्होंने एक बड़ा विकेट हासिल कर लिया है. शेफाली वर्मा 64 रन बनाकर आउट हुईं.
 

India vs Thailand Live Score: भारत को तीसरा झटका

ओह...भारत को तीसरा झटका लगा. थिपाचा पुट्टावोंग की गेंद पर हरमनप्रीत कौर आउट. फनिता माया ने कैच पकड़ा. महिला T20I में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज़ ने एक बड़ा विकेट हासिल किया. ऑफ स्टंप के बाहर अच्छी तरह से हवा में डाली गई गेंद पर कौर ने स्वीप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर हवा में पॉइंट की ओर चली गई. जहां माया ने आसानी से कैच लपक लिया. हरमनप्रीत कौर 5 रन बनाकर आउट हुईं.
 

India vs Thailand Live Score: भारत की नजर 200 के स्कोर पर

भारत की नजर 200 के स्कोर पर है. अब 9 ओवर बाकी हैं और भारत का स्कोर 100 पार है. फिलहाल क्रीज पर हरमनप्रीत कौर और शेफाली वर्मा हैं. यह मुश्किल नहीं होने वाला है. लेकिन याद रखिए थिपाचा पुत्थावोंग के अभी दो ओवर बाकी हैं और वो महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज है. उन पर टीम इंडिया को रोकना का जिम्मा होगा.

11.0 ओवर: भारत 107/2
 

India vs Thailand Live Score: भारत को दूसरा झटका


भारत को दूसरा झटका लगा. सुलेपॉर्न लाओमी ने प्रतिका रावल को बोल्ड किया. भारत के लिए डेब्यू करने वाली खिलाड़ी एक छोटी लेकिन अच्छी पारी खेलकर आउट हो गईं. सुलेपॉर्न लाओमी ने गेंद स्टंप्स पर रखी और वह नीची रही. प्रतिका रावल ऑफ साइड की तरफ खेलने के लिए पीछे हटीं, लेकिन चूक गईं. गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकलकर स्टंप्स से जा टकराई.

9.0 ओवर: भारत 91/2
 

India vs Thailand Live Score: शेफाली का अर्धशतक

शेफाली वर्मा का अर्धशतक हुआ. यह उनका 19वां टी20 अंतरराष्ट्रीय पचासा है. 26 गेंदों में आई यह फिफ्टी. शेफाली आक्रमक खेल रही हैं और उन्हें रोकना का थाईलैंड के गेंदबाजों के पास कोई प्लान नहीं दिख रहा है.
 

India vs Thailand Live Score: टीम इंडिया का मेगा रिकॉर्ड

भारतीय टीम अब महिला टी20 एशिया कप में पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर करने वाली टीम बन गई है. इससे पहले का रिकॉर्ड भी टीम इंडिया के ही नाम था, जब उसने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 59 रन बटोरे थे.

महिला T20 एशिया कप में 1-6 ओवरों में सबसे ज़्यादा स्कोर

  • 65/1 - IND-W बनाम THA-W, दुबई, 2026
  • 59/0 - IND-W बनाम BAN-W, सिलहट, 2022
  • 58/1 - SL-W बनाम UAE-W, दुबई, 2026
  • 57/0 - IND-W बनाम PAK-W, दाम्बुला, 2024
  • 56/3 - IND-W बनाम UAE-W, दाम्बुला, 2024

India vs Thailand Live Score: पहला पावरप्ले पूरा

चलिए पावरप्ले पूरा हुआ. भारत ने 65 रन बटोरे हैं. शेफाली वर्मा अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रही हैं. भारत का रन रेट 10 से अधिक का है. टीम इंडिया की नजर कम से कम 200 का स्कोर करने पर होगी.

6.0 ओवर: भारत 65/1

India vs Thailand Live Score: भारत को पहला झटका


स्मृति मंधाना रन आउट. एक पल रुकिए, नॉन-स्ट्राइकर एंड पर डायरेक्ट हिट हुआ है. स्मृति मंधाना बहुत कॉन्फिडेंट नहीं लग रहीं और पहले ही वापस जाने लगी हैं. मंधाना ने थोड़ी सुस्ती दिखाई? स्टंप्स पर धीमी गेंद, और शेफाली वर्मा ने इसे मिड-विकेट की तरफ खेला, दोनों बल्लेबाज़ दो रन लेने की कोशिश कर रहे थे. मंधाना ने काफी इरादा नहीं दिखाया, इसे थोड़ा हल्के में लिया, और फ़ील्डर ने स्टंप्स के बेस पर शानदार डायरेक्ट हिट किया. मंधाना को वापस जाना होगा. स्मृति मंधाना 19 के स्कोर पर पवेलियन लौंटी.

India vs Thailand Live Score: भारत की दमदार शुरूआत

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने भारत को दमदार शुरुआत दिलाई है. अभी सिर्फ दो ओवर हुए हैं और दोनों बल्लेबाजों ने बाउंड्री की बरसात करते हुए 26 रन बटोर लिए हैं. पिच पर बैटिंग आसान है. थाईलैंड के गेंदबाजों के सामने भारत को रनों का अंबार लगाने में कोई दिक्कत नहीं होने वाली है.

2.0  ओवर: भारत 26/0


 

India vs Thailand Live Score: टॉस के दौरान हरमन ने क्या कहा

हरमनप्रीत कौर ने टॉस के दौकान कहा,"हमने भी पहले बॉलिंग करने के बारे में सोचा था, लेकिन पहले बैटिंग करने में भी कोई दिक्कत नहीं है. आज प्रतिका अपना डेब्यू कर रही हैं क्योंकि जेमी टीम में नहीं हैं. हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं. हमने आक्रामक खेल दिखाने के बारे में बात की है और यह टूर्नामेंट हमारे लिए बहुत अहम है."
 

India vs Thailand Live Score: थाईलैंड ने जीता टॉस

नन्नापत कोंचारोएनकाई के चोटिल होने के कारण थिपचा पुट्टावोंग थाईलैंड की स्टैंड-इन कप्तान बनी हैं. उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. थिपाचा पुत्थावोंग का मानना है कि वह भारत को 120-130 के स्कोप पर रोकने की होगी.

India vs Thailand Live Score: प्रतिका का डेब्यू

प्रतिका रावल, जो चोटिल जेमिमा की रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में आई हैं, उन्हें डेब्यू कैप सौंपी गई है.

India vs Thailand Live Score: ऐसा है रिकॉर्ड

दोनों टीमें T20I में तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं, और तीनों ही बार थाईलैंड को बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा है.

India vs Thailand Live Score: भारत शुरू करेगा अभियान

नमस्कार, स्वागत है आपका एनडीटीवी स्पोर्ट्स पर. भारत आज अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत करेगा. टीम इंडिया की नजरें रिकॉर्ड आठवें खिताब पर होगी. थाईलैंड ने शुक्रवार को टूर्नामेंट का पहला मैच खेला था, जिसमें उन्होंने हांगकांग, चीन के खिलाफ़ रोमांचक मुकाबले में मुश्किल से जीत हासिल की थी. कप्तान नारुमोल चाईवाई ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को 120 रन तक पहुंचाया, और फिर उनकी टीम के गेंदबाज़ों ने दबाव में भी अच्छा खेल दिखाते हुए हांगकांग, चीन को लक्ष्य से छह रन पीछे रोक दिया. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Thailand Women, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com