India Vs Sri Lanka XI Warmup Live Streaming: भारत के श्रीलंकाई दौरे की शुरुआत 15 अगस्त से होनी है. दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी अहम है. भारत आठ साल बाद टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका के दौरे पर है. ऐसे में परिस्थितियों का सही तरीके से अंदाजा रहे, इसके लिए टीम इंडिया आईलैंड नेशन के खिलाफ तीन दिनों का एक वॉर्मअप मैच खेल रही है. यह अभ्यास मैच शुक्रवार को शुरू हो रहा है. भारतीय बल्लेबाजों को हाल के सालों में स्पिन अटैक के खिलाफ़ संघर्ष का सामना करना पड़ा है. श्रीलंका में पिचें स्पिन-फ्रेंडली हैं, इसलिए यह वार्मअप मैच भारतीय बल्लेबाजों को इस बात का एक अंदाज़ा जरूर देगा कि 15 अगस्त से शुरू होने वाली सीरीज़ में पिच से क्या उम्मीद की जाए. श्रीलंका दौरे के लिए जिस भारतीय दल का चयन किया गया है, उसमें सिर्फ केएल राहुल, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टेस्ट सीरीज के लिए पहले भी लंका का दौरा कर चुके हैं. कप्तान सहित बाकी अन्य खिलाड़ी पहली बार श्रीलंका में रेड बॉल क्रिकेट खेलेंगे.
श्रीलंका के पास विशेष रूप से घरेलू परिस्थितियों में प्रभावी स्पिन आक्रमण है. कप्तान शुभमन गिल, लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे प्रमुख बल्लेबाज श्रीलंका रवाना होने से पहले अपने-अपने घरेलू अभ्यास केंद्रों पर स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ अभ्यास कर चुके हैं, लेकिन श्रीलंकाई पिचों पर मैच जैसी परिस्थितियों में खेलने का अनुभव उससे कहीं अधिक उपयोगी होगा. भारत ने पिछली बार 2017 में श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेली थी और तब से टीम में बड़े बदलाव आ चुके हैं.
चोटिल जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे. उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मानव सुथार और सारांश जैन का साथ मिलेगा. सिराज और कुलदीप को छोड़कर अधिकांश गेंदबाज अपेक्षाकृत अनुभवहीन हैं और वे श्रीलंकाई परिस्थितियों में अपनी क्षमता साबित करने के लिए उत्सुक होंगे.
बराड़ और जैन ने पिछले महीने गॉल में भारत 'ए' की ओर से श्रीलंका 'ए' के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था. दोनों खिलाड़ी इस अभ्यास मैच में भी अच्छा प्रदर्शन कर अपनी तैयारी को और मजबूत करना चाहेंगे. घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन के बाद आकिब नबी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने के लिए बेताब होंगे. मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी खिलाड़ियों को हर पहलू पर पूरी तैयारी करने का संदेश दिया. मौसम हालांकि भारत की तैयारियों में बाधा बन सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से शहर में रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान जताया है.
कब और कहां होगा भारत-श्रीलंका वॉर्मअप मैच
भारत और श्रीलंका इलेवन के बीच वार्मअप मैच शुक्रवार 7 अगस्त से शुरू होगा. कोलंबो के नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में होने वाले मैच की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी जबकि 9.30 बजे टॉस होगा.
कहां देख पाएंगे लाइव
इस वार्मअप मैच का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLiv ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
ऐसा है दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), लोकेश राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।
श्रीलंका क्रिकेट इलेवन: निशान मधुष्का, रविंदु रशनथा, पसिंदु सूरियाबंदर, पवन रतनायके, अहान विक्रमसिंघे, सोनल दिनुषा (कप्तान), अंजला बंडारा (विकेटकीपर), निपुन दनंजय, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, असंका मनोज, इसिथा विजेसुंदरा, रमेश मेंडिस, केसारा नुवंथा, दिलुम सुदीरा.
यह भी पढ़ें: जब डॉन ब्रैडमैन ने 3 ओवर में ठोक दिया था शतक
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के साथी ने रफ्तार से मचाई सनसनी, डेब्यू पर 146 की स्पीड से की गेंदबाजी, डेल स्टेन का है फैन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं