भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेल जा रहे सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट मैच के तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया फॉलोऑन की राह पर पर है. मुसीबत की मारे ऑस्ट्रेलिया को खराब रोशनी और बारिश ने थोड़ी राहत दी. खराब मौसम के चलते मैच करीब एक घंटा पहले ही खत्म हो गया. खोल रोके जाने के समय ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट पर 236 रन बना लिए हैं. हैंड्सकॉम्ब 28 और पैट कमिंस 25 रन बनाकर पिच पर जमे हुए हैं. इससे पहले चायकाल के बाद पहले ही ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान पैनी (5) के रूप में अपना छठा विकेट गंवा दिया.
दूसरा सेशन भारत के लिए बहुत ही कारगर साबित हुआ. दूसरे सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट गंवाए. चाय के समय ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 198 रन बनाए थे.लंच के बाद रवींद्र जडेजा ने पहले जमकर बैटिंग कर रहे मारकस हैरिस (79) को रवींद्र जडेजा ने बोल्ड कर दिया, तो थोड़ी ही देर बाद उन्होंने शॉन मार्श (3) को स्लिप में रहाणे के हाथों लपकवा दिया. इसके बाद फिर से आक्रमण पर आए मोहम्मद शमी ने लबुशान (38) को आउट किया, जिनका एक बेहतरीन कैच अजिंक्य रहाणे ने लपका. वहीं कुछ देर विकेट पर टिकने के बाद ट्रेविस हेड (20) ने भी कुलदीप यादव को उन्हीं की गेंद पर कैच थमा दिया. फिलहाल कप्तान टिम पैन दूसरे बल्लेबाज हैंड्सकॉम्ब क्रीज पर हैं.
इससे पहले सुबह के पहले सेशन में आउट होने वाले इकलौते बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा (27) रहे. ख्वाजा को कुलदीप यादव ने पुजारा के हाथों लपकवाया. वीरवार के खेल की बात करें, तो भारत ने चेतेश्वर पुजारा (193), ऋषभ पंत (नाबाद 159) और रवींद्र जडेजा (81) की उम्दा पारियों की बदौलत अपनी पहली पारी में 622 रन के विशाल स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की थी. इसके बाद भारत के इस स्कोर के जवाब में खेलने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होते-होते बगैर किसी नुकसान के 24 रन बनाए थे.