आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टी-20 टीम का ऐलान 6 जून को होने वाला है. भारत अपनी टीम को 2026 एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के लिए जापान भेजेगा. हर चार साल में होने वाले इस इवेंट में क्रिकेट मैच 17 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेले जाएंगे. गौरतलब है कि ये मैच T20 फ़ॉर्मेट में खेले जाएंगे और सभी मुकाबले आइची प्रान्त के कोरोगी एथलेटिक पार्क में होंगे.इस बार टी-20 टीम में कुछ ऐसे बदलाव होंगे जो टी-20 में भारतीय क्रिकेट का भविष्य तय करेगा. ऐसे में जानते हैं ऐसे 5 संभावित बदलाव जो टी-20 टीम में देखने को मिल सकते हैं.
सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर कप्तान !
भारतीय चयन समिति शनिवार को यहां जब ब्रिटेन के दौरे और एशियाई खेलों के लिए टीम को अंतिम रूप देने के लिए बैठक करेगी तो श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम की कप्तानी मिलना तय है. भारत के ब्रिटेन के दौरे में 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। इसके बाद भारत इंग्लैंड के खिलाफ एक जुलाई से शुरू होने वाले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलेगा. एशियाई खेल सितंबर-अक्टूबर में आइची-नागोया में होंगे और निर्धारित समय सीमा को देखते हुए टीम की घोषणा समय से पहले की जा रही है.
तिलक वर्मा को उपकप्तानी !
ऐसी संभावना है कि मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा को भारत के टी-20 टीम का नया उप-कप्तान बनाया जाएगा. दिलचस्प बात यह है कि रजत पाटीदार का कोई जिक्र नहीं हो रहा है, जिनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब जीतने में सफलता हासिल की है. पाटीदार को शायद आने वाली टी-20 सीरीज से बाहर रखा जा सकता है.
वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा टी-20 टीम में मौका !
भारतीय चयनकप्ता सबसे बड़ा फैसला कर सकते हैं. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भारत की टी-20 टीम में शामिल किया जा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो वैभव सूर्यवंशी इतिहास रच देंगे. हाल के समय में खासकर टी-20 में वैभव सूर्यवंशी धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं. हाल ही में खत्म हुए आईपीएल में 15 साल के वैभव ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे. वैभव ने 776 रन 237 के स्ट्राइक रेट से बनाया था जिसने विश्व क्रिकेट को चौंका कर रख दिया है.
जसप्रीत बुमराह को मिल सकता है आराम !
वहीं, भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आयरलैंड और एशियन गेम्स के लिए चुनी जानी वाली टी-20 टीम से आराम दिया जा सकता है. बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जाा सकता है. वहीं, बुमराह की जगह प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया जा सकता है.
क्या रजत पाटीदार को मिलेगा मौका !
यह देखना दिलचस्प होगा कि आरसीबी को लगातार दो बार आईपीएल का खिताब दिलाने वाले पाटीदार को टी-20 टीम में मौका मिलता है या नहीं, पाटीदार का आईपीएल 2026 सीजन शानदार रहा था, आरसीबी के कप्तान ने इस सीजन आईपीएल में 15 मैचों में 192.69 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक और 42 छक्के शामिल रहे हैं. हाल के समय में रजत ने टी-20 में धमाकेदार परफॉर्मेंस किया है. उनकी बल्लेबाजी ने उन्हें टी-20 टीम में शामिल किए जाने का प्रबल दावेदार बना दिया है.
गंभीर चाहते थे संजू सैमसन बने कप्तान लेकिन ...
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसारप भारत के हेड कोच गौतम गंभीर चाहते थे कि संजू सैमसन को भारत का टी-20 कप्तान बनाया जाए, लेकिन बीसीसीआई के सेलेक्टर और खुद बीसीसीआई इससे सहमत नहीं थे. हालांकि, बाद में तीनों पक्ष अय्यर को कप्तान और तिलक को उप-कप्तान बनाने पर सहमत हो गए हैं. सेलेक्टर सैमसन को कप्तान बनाने के पक्ष में नहीं थे क्योंकि उनकी बैटिंग में निरंतरता की कमी थी. उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में तीन अहम पारियां खेलकर भारत को खिताब जिताने में मदद की थी, लेकिन सेलेक्टरों का मानना था कि सिर्फ कुछ पारियों के आधार पर उन्हें कप्तान चुनना सही नहीं होगा.
दोपहर 1 बजे होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
शुक्रवार को बोर्ड ने एक प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि चयन समिति शनिवार को मुंबई में अपने हेडक्वार्टर में बैठक करेगी।. इस बैठक में इन टीमों के लिए भारतीय टी-20 स्क्वाड चुने जाएंगे.
- आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की T20I सीरीज़
- इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की T20I सीरीज़
- जापान में होने वाले 2026 एशियाई खेल
- श्रीलंका में इंडिया A के दो मल्टी-डे मैच
बोर्ड ने यह भी बताया कि बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसे मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया संबोधित करेंगे. यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बीसीसीआई हेडक्वार्टर की चौथी मंजिल पर दोपहर 1:00 बजे शुरू होगी. ऐसे में अब देखना होगा कि 6 जून को भारतीय चयनकर्ता टी-20 टीम में क्या-क्या बदलाव करते हैं.
ये भी पढ़ें- अफगानिस्तान के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से भी बाहर हो सकते हैं विराट कोहली- रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं