विज्ञापन

IND vs NZ: मोदी स्टेडियम में टूटा रिकॉर्ड! सैमसन-किशन-अभिषेक के तूफान से न्यूजीलैंड पर 255 की मार

अहमदाबाद में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाने में कामयाब हुई है. विपक्षी टीम को अगर यह मुकाबला जितना है तो निर्धारित ओवरों में 256 रन बनाने होंगे.

IND vs NZ: मोदी स्टेडियम में टूटा रिकॉर्ड! सैमसन-किशन-अभिषेक के तूफान से न्यूजीलैंड पर 255 की मार
Sanju Samson

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच अहमदाबाद में खेला जा रहा है. जहां टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाने में कामयाब हुई है. यह स्कोर अहमदाबाद में टी20 इंटरनेशनल किकेट का उच्च स्कोर है. विपक्षी टीम को अगर यह मुकाबला जितना है तो निर्धारित ओवरों में 256 रन बनाने होंगे. फाइनल में भारत की तरफ से एक बार फिर से संजू सैमसन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने पारी का आगाज करते हुए 46 गेंदों में 193.47 की स्ट्राइक रेट से 89 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से पांच चौके और आठ खूबसूरत छक्के देखने को मिले.

ईशान किशन ने भी लूटी महफिल

संजू सैमसन ही नहीं मैच के दौरान 'बिहार के लाल' ईशान किशन का बल्ला भी जमकर चला. तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 25 गेंदों का सामना किया. इस बीच 216.00 की स्ट्राइक रेट से 54 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और चार छक्के निकले. मैच के दौरान वह टीम की तरफ से तीसरे बल्लेबाज के रूप में 16वें ओवर में आउट हुए. 

अभिषेक शर्मा ने फॉर्म में की वापसी 

जारी में टूर्नामेंट में अपनी पुरानी फॉर्म के लिए जुझ रहे अभिषेक शर्मा का भी विस्फोट देखने को मिला. पारी का आगाज करते हुए उन्होंने महज 21 गेंदों में 247.61 की स्ट्राइक रेट से 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली. पहले विकेट के लिए उन्होंने सैमसन के साथ 7.1 ओवरों में 98 रनों की बहुमूल्य साझेदारी भी की. जिसके बदौलत भारतीय टीम एक बड़े स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही. 

सूर्यकुमार यादव ने किया निराश 

भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को फाइनल मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से एक आतिशी पारी की उम्मीद थी. मगर वह पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए पहली ही गेंद पर आउट हो गए. कैप्टन सूर्या का शानदार कैच नीशम की गेंद पर रविंद्र ने सीमारेखा के पास शानदार तरीके से लपका. 

हार्दिक पंड्या का भी नहीं चला बल्ला 

फाइनल मुकाबले में हार्दिक पंड्या भी कुछ खास कारनामा करने में नाकामयाब रहे. चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया. इस बीच 18 रन बनाने में कामयाब रहे. 

शिवम दुबे और तिलक वर्मा रहे नाबाद 

शिवम दुबे और तिलक वर्मा नॉट आउट रहे. दुबे ने सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए आठ गेंद में नाबाद 26 और तिलक ने छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद आठ रन बनाए. 

जिमी नीशम ने चटकाए तीन विकेट 

न्यूजीलैंड की तरफ से आज के मुकाबले में सबसे सफल गेंदबाज जिमी नीशम रहे. जिन्होंने चार ओवरों की गेंदबाजी करते हुए 11.50 की इकॉनमी से 46 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके शिकार संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और सूर्यकुमार यादव (00) बने. उनके अलावा रचिन रविंद्र ने अभिषेक शर्मा (52) और मैट हेनरी ने हार्दिक पंड्या को अपने जाल में फंसाया. 

यह भी पढ़ें- World record: क्रिकेट की दुनिया में अमर हो गई सैमसन-अभिषेक की जोड़ी, फाइनल में बनाया कभी न भूलने वाला रिकॉर्ड

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com