विज्ञापन
This Article is From Jan 15, 2018

IND vs SA: टेस्‍ट क्रिकेट में 'घर के शेर' ही साबित हो रहे हैं रोहित शर्मा!

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन और सेंचुरियन टेस्‍ट में बल्‍ले के साथ नाकामी के बाद रोहित शर्मा आलोचकों के निशाने पर हैं.

IND vs SA: टेस्‍ट क्रिकेट में 'घर के शेर' ही साबित हो रहे हैं रोहित शर्मा!
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कमजोर प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा आलोचकों के निशाने पर हैं (फाइल फोटो)
  • दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में रहे हैं नाकाम
  • विदेशी मैदानों पर उनका औसत 24.55 का है
  • देश के बाहर टेस्‍ट में कोई शतक नहीं लगा सके हैं
नई दिल्‍ली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन और सेंचुरियन टेस्‍ट में बल्‍ले के साथ नाकामी के बाद रोहित शर्मा आलोचकों के निशाने पर हैं. सीरीज के अंतर्गत केपटाउन में हुए पहले टेस्‍ट की पहली पारी में रोहित 11 और दूसरी पारी में महज 10 रन बनाकर आउट हो गए. सेंचुरियन टेस्‍ट की पहली पारी में भी उनकी नाकामी का सिलसिला जारी रहा. इस टेस्‍ट की पहली पारी में भी मुंबई का यह बल्‍लेबाज महज 10 रन बनाकर कागिसो रबाडा की गेंद पर एलबीडब्‍ल्‍यू हो गए. सेंचुरियन टेस्‍ट की नाकामी के बाद रोहित की आलोचना के सुर तेज हो गए. क्रिकेटप्रेमियों और कुछ पूर्व दिग्‍गज खिलाड़‍ियों का मानना था कि दूसरे टेस्‍ट में रोहित के स्‍थान पर अजिंक्‍य रहाणे को प्‍लेइंग इलेवन में स्‍थान दिया जाना चाहिए था. रहाणे ने विदेशी मैदानों पर अब तक शानदार प्रदर्शन किया है.बेशक, रोहित ने शॉर्टर फॉर्मेट में देश और देश के बाहर रनों का अंबार लगाया है, लेकिन टेस्‍ट क्रिकेट में घर के बाहर उन्‍हें खुद को अच्‍छे बल्‍लेबाज के रूप में स्‍थापित करना अभी बाकी है. वनडे में तीन दोहरे शतक लगाकर हर किसी की वाहवाही लूटने वाले का विदेशी मैदानों पर अब तक का टेस्‍ट रिकॉर्ड खास अच्‍छा नहीं रहा है. विदेशी मैदानों पर रोहित ने अब तक 16 टेस्‍ट खेले हैं और 24.55 के साधारण से औसत से 663 रन बनाए हैं. देश से बाहर रोहित एक भी शतक लगाने में कामयाब नहीं हो पाए हैं और 79 रन उनका सर्वोच्‍च स्‍कोर रहा है. खास बात यह है कि यह 79 रन का स्‍कोर भी उन्‍होंने भारतीय उप महाद्वीप (श्रीलंका) में बनाया था. विदेशी मैदानों में रोहित ने अब तक चार अर्धशतक लगाए हैं.

वीडियो: गावस्‍कर ने इस अंदाज में की विराट कोहली की प्रशंसा

मजबूत प्रतिद्वंद्वी मानी जाने वाली ऑस्‍ट्रेलियाई टीम के खिलाफ उसके देश में रोहित का औसत 28.83 और इंग्‍लैंड के खिलाफ इसी देश में रोहित का औसत 17 का है. ऑस्‍ट्रेलियाई मैदान पर रोहित ने तीन और इंग्‍लैंड के मैदान पर एक टेस्‍ट खेला है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चार टेस्‍ट में उन्‍होंने अब तक 10.85 के साधारण औसत से  केवल 76 रन बनाए हैं जिसमें 25 उनका सर्वोच्‍च स्‍कोर है. समग्र रूप में बात करें तो रोहित ने 25 टेस्‍ट में (सेंचुरियन टेस्‍ट की पहली पारी को मिलाकर) अब तक 39.77 के औसत से 1432 रन बनाए हैं जिसमें तीन शतक शामिल हैं. ये तीनों टेस्‍ट शतक उन्‍होंने घरेलू मैदान पर बनाए हैं.  विदेशी मैदानों, खासकर एशिया के बाहर रोहित के इस प्रदर्शन को देखकर कहा जा सकता है कि टेस्‍ट क्रिकेट में खुद को स्‍थापित करने के लिए उनको विदेशी मैदानों पर अच्‍छा प्रदर्शन करना होगा.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs South Africa, Rohit Sharma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com