- भारत - न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.
- इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ फाइनल में अंपायरिंग करेंगे.
- रिचर्ड इलिंगवर्थ लगातार दूसरे पुरुष टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में अंपायरिंग कर रहे हैं.
भारत-न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जाना है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाला यह मैच रविवार 8 मार्च को होगा. भारत ने जहां रोमांचक सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया है तो वहीं दूसरी तरफ न्यूजीलैंड ने एकतरफ अंदाज में दक्षिण अफ्रीका को हराया और खिताबी मैच में जगह बनाई. वहीं अब आईसीसी ने इस मेगा मुकाबले के लिए अंपायर और मैच रेफरी का ऐलान कर दिया है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने शुक्रवार को घोषणा की कि इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे. इलिंगवर्थ लगातार दूसरे पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल में अंपायरिंग करेंगे. इससे पहले वह 2024 में क्रिस गैफनी के साथ फाइनल में अंपायरिंग कर चुके हैं.
गत चैंपियन भारत और न्यूजीलैंड रविवार को अहमदाबाद में ट्रॉफी के लिए एक दूसरे के सामने होंगे. इलिंगवर्थ पुरुष 2023 विश्व कप फाइनल और पुरुष 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भी अंपायरिंग कर चुके हैं.
इलिंगवर्थ के साथ उनके हमवतन वार्फ भी हैं जो पहली बार सीनियर आईसीसी विश्व कप फाइनल में अधिकारी होंगे. वार्फ इससे पहले आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2022 और आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर चुके हैं. वह पिछले साल ही आईसीसी के अंपायरों के एमिरेट्स एलीट पैनल में शामिल हुए थे.
न्यूजीलैंड की बुधवार को सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका पर मिली जीत के दौरान भी ये दोनों मौजूद थे. अल्लाहुद्दीन पालेकर फाइनल में तीसरे अंपायर और एड्रियन होल्डस्टॉक चौथे अंपायर होंगे, दोनों ही दक्षिण अफ्रीका के हैं. वहीं मैच रैफरी जिम्बाब्वे के एंडी पायक्रॉफ्ट होंगे. पालेकर को मार्च 2025 में वार्फ के साथ अंपायरों के एलीट पैनल में शामिल किया गया था और उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान छह मैच में अंपायरिंग की है.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG Semifinal: इंग्लैंड हारा पर दिल जीत गए जैकब बेथेल, आखिरी तक लड़ी लड़ाई, शतक ठोक बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं