IND vs AFG Dharamsala Weather Updates: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम में खेला जाना है. लेकिन इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. मौसम विभाग के ताजा अनुमानों ने क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि आज मैच के दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है. शेड्यूल के मुताबिक, यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 1:00 बजे होना है. दोनों ही टीमें सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं, लेकिन धर्मशाला का मिजाज मैच का पूरा समीकरण बिगाड़ सकता है.
90 फीसदी बारिश का अनुमान
एक्यूवेदर (AccuWeather) की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को धर्मशाला में बारिश होने की संभावना 90 प्रतिशत तक है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन और रात दोनों ही समय तेज बौछारें पड़ सकती हैं. धर्मशाला में मौसम का मिजाज शुक्रवार से ही बदला हुआ है, जहां कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई और ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी भी देखने को मिली.

खराब मौसम डाल सकता है खलल
लगातार हो रही बारिश के कारण आउटफील्ड गीली रहने की संभावना है. अगर बारिश रुक-रुक कर होती है, तो ओवरों में कटौती की जा सकती है या फिर मैच को पूरी तरह रद्द भी करना पड़ सकता है. पिच क्यूरेटरों के लिए भी मैदान को सुखाना एक बड़ी चुनौती साबित होने वाला है. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है, ताकि डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम की स्थिति में फायदा मिल सके.
धर्मशाला पिच रिपोर्ट
धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में तेज़ आउटफ़ील्ड और छोटी बाउंड्री की वजह से अक्सर ज़्यादा रन बनते हैं. यहाँ की पिच तेज़ गेंदबाज़ों, खासकर नई गेंद के साथ, के लिए मददगार होती है.
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग XI
शुबमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा/प्रिंस यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं