पहले मैच में मेजबानों को 7 विकेट से धोने के बाद टीम श्रेयस अय्यर आज नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज कब्जाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे, तो वहीं फैंस की नजर इस पर भी लगी होगी कि वैभव सूर्यवंसी खेलेंगे या नहीं, तो करोड़ों फैंस एक बार फिर से 'मिस्टर सुनामी' अभिषेक शर्मा से इस बार भी वैसी ही धुरंधर इनिंग की उम्मीद कर रहे होंगे, जैसी उन्होंने पहले मैच में खेली थी. वजह यह भी है कि भले ही मुकाबला अफगानियों से हो, लेकिन अभिषेक की नजर खास वजह से पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान पर लगी हैं. अभिषेक ने पहले मैच में राशिद खान एंड कंपनी की सुतली खोलते हुए सिर्फ 32 गेंदों पर 7 चौकों और इतने ही छक्कों से 82 रन की पारी खेली थी. ऐसे में अभिषेक के फैंस भी उम्मीद कर रहे हैं कि आज उनका हीरो साहिबजादा फरहान की सारी नवाबी दूर कर देगा.
अभिषेक होंगे आगे, साहिबाजा पीछे!
जी हां, आपको बता दें कि दोनों के बीच यह टक्कर बहुत ही खास है. और पिछले कुछ सालों से चली आ रही है. लेकिन पहले यह जान लें कि अभिषेक के 6 जुलाई 2024 के बाद से लेकर अभी तक पिछले करीब दो साल में दुनिया में टी20 में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक और साहिबजादा ने ही जीते हैं. दोनों ही फिलहाल पिछले करीब दो साल में 6-6 प्लेयर ऑफ द मैच झटकर संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं. और इसी वजह से अभिषेक और उनके चाहने वालों की नजर आज के मुकाबले पर है. उन्हें पूरा भरोसा है कि उनका हीरो आज साहिबजादा को धकेल कर इस मामले में रेस मे पाकिस्तानी से जरूर आगे निकलेगा. इस समयावधि में इसी मामले में जिंबाब्वे के सिकंदर रजा 5 अवार्ड के साथ दूसरे नंबर पर हैं. लेकिन जब समग्र रूप से सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच झटकने की बात आती है, तो आप खिलाड़ी का नाम सुनकर चौंक जाएंगे.
रोहित नहीं ही बचेंगे अभिषेक के हाथों से!
वहीं, अभिषेक शर्मा आज एक और वेरी स्पेशल रिकॉर्ड बनाने की बराबरी पर हैं. और यह कारनामा है पहले ही ओवर में छक्का जड़ने का. और इस मामलें में उनकी रेस रोहित शर्मा से है. और पूर्व कप्तान अब अभिषेक के हाथों से नहीं ही बचेंगे. रोहित तो टी20 का साथ बहुत पहले ही छोड़ चुके हैं, लेकिन अभिषेक को तो बहुत लंबी यात्रा तय करनी है. अगर आज पहले ओवर में अभिषेक 1 छक्का लगाने में सफल रहे तो वह रोहित शर्मा के इस अनोखे वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल हो जाएगे. दोनों ने पहले ही ओवर में 12-12 छक्के लगाए हैं. रोहित शर्मा ने पहले ओवर में कुल 401 बॉल खेलकर 12 छक्के लगाए थे, वहीं अभिषेक शर्मा ने अबतक केवल 152 बॉल पर ही 12 छक्के लगाने में सफलता हासिल की है, इस मामले में दूसरे नंबर पर ईशान किशन हैं जिनते नाम पहले ओवर में 8 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है. तीसरे नंबर पर संजू सैमसन जिनके नाम पहले ओवर में 7 छक्के लगाने का कमाल दर्ज है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं