भारत-अफगानिस्तान टेस्ट और वनडे सीरीज के फौरन बाद भारत को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए कमर कसना है. टीम इंडिया इन अहम अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में नए कप्तान के साथ नए अंदाज और नए तेवर में नजर आएगी. वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव का जाना तय माना जा रहा है. ऐसे में नए कप्तान की रेस में श्रेयस अय्यर सबसे आगे चल रहे हैं. यह खबर पिछले महीने ही तय हो गई थी जिसे NDTV ने अपने पाठकों, दर्शकों को बताया भी था.
BCCI एपेक्स कमिटी की बैठक क्यों?
आज भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एपेक्स कमिटी की ऑनलाइन बैठक है. इस बैठक में ये तय किया जाना है कि अगर सूर्यकुमार यादव आगे कप्तान नहीं होते हैं तो अगली चयन समिति की बैठक में, जो शनिवार को होनी कंफर्म्ड है, उसमें सूर्या की जगह कौन कप्तान बैठेगा.
क्या है BCCI की एपेक्स कमिटी?
BCCI एपेक्स काउंसिल, क्रिकेट बोर्ड की प्रमुख गवर्निंग बॉडी सबसे बड़ी प्रशासनिक समिति है जिसका काम नीतियां बनाने, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की देखरेख करने के साथ बोर्ड के फाइनेंशियल (वित्तीय) और प्रशासनिक मामलों को मैनेज करना होता है. परिषद में 9 सदस्यों की समिति होती है, जिसमें निर्वाचित पदाधिकारी, एक CAG प्रतिनिधि और भारतीय क्रिकेटर्स एसोसिएशन (ICA) के नुमाइंदे शामिल होते हैं.
BCCI की मौजूदा एपेक्स काउंसिल में निर्वाचित पदाधिकारी और मनोनीत सदस्य दोनों शामिल होते हैं. ये काउंसिल इस तरह की है:
अध्यक्ष: मिथुन मन्हास
उपाध्यक्ष: राजीव शुक्ला
सचिव: देवजीत सैकिया
संयुक्त सचिव: प्रभतेज भाटिया
कोषाध्यक्ष: ए. रघुराम भट
काउंसलर: जयदेव शाह
CAG नॉमिनी: डी. जयशंकर
CA प्रतिनिधि: सुधा शाह (महिला) और वंकिना चामुंडेश्वरा नाथ (पुरुष)
नये कप्तान की रेस में श्रेयस सबसे आगे
ये लगभग तय माना जा रहा है कि श्रेयस अय्यर टी20 टीम इंडिया की कप्तानी की रेस में सबसे आगे हैं. इस रेस में उनके नाम के साथ ईशान किशन के नाम पर भी चर्चा है. उपकप्तानी की रेस में तिलक वर्मा का नाम आगे है तो अक्षर पटेल की भी उपकप्तानी की कुर्सी के जाने का अंदेशा है. टीम की उपकप्तानी के लिए तिलक वर्मा के नाम पर मुहर लगने की बात कही जा रही है.
NDTV सूत्रों के मुताबिक वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव अब कप्तान तो नहीं ही होंगे, मुमकिन है उन्हें टीम इंडिया में जगह भी नहीं मिले.
वैभव सूर्यवंशी जाएंगे एशियाड?
दिलचस्प है कि भारत-आयरलैंड और भारत-इंग्लैंड सीरीज के बाद होने वाली एशियन गेम्स (जापान के एइचि-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक) के लिए 30 सदस्यों की लिस्ट में सूर्या का नाम नहीं है जबकि इसमें वैभव सूर्यवंशी को जगह दी गई है. इस बात पर भी सबकी नजर रहेगी कि क्या वैभव को एशियन गेम्स या उससे पहले ही भारत-आयरलैंड सीरीज (2 टी-20 मैचों की सीरीज़, 26, 28 जून) या भारत-इंग्लैंड सीरीज (5 टी-20, 3 वनडे- 28 जून से 19 जुलाई तक) के लिए भी चयनकर्ता वैभव सूर्यवंशी के नाम पर गौर फरमाते हैं.
बीसीसीआई की चयनसमिति और मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया का चुनाव करने वाले हैं. एशियन गेम्स के लिए 30 सदस्यों की सूची भेजी जा चुकी है. इस स्क्वाड से सूर्या के पहले से बाहर रहने वैभव सूर्यवंशी के इसका हिस्सा बनाये जाने की खबर से भी इन फैसलों के संकेत मिलने लगे हैं.
इधर मैदान पर एक्शन के लिए टीम इंडिया जमकर तैयारी कर रही है. पहले दो दिनों बाद ही भारतीय टीम 6 से 20 जून तक अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और 3 वनडे मैच की सीरीज खेलेगी. इसके लिए टीम इंडिया न्यू चंडीगढ़ पहुंचकर मुस्तैद नजर आ रही है.
यह भी पढ़ें- IND vs AFG: टेंशन में टीम इंडिया, विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर! जानें क्या है समस्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं