विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2017

देश के मौजूदा तेज गेंदबाजों को लेकर महान कपिल देव ने कह दी यह बड़ी बात

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि देश में तेज गेंदबाजों की चल रही कमी अब काफी हद तक दूर हो गई है.

देश के मौजूदा तेज गेंदबाजों को लेकर महान कपिल देव ने कह दी यह बड़ी बात
कपिल देव की कप्‍तानी में विश्‍वकप 1983 में भारत ने खिताबी जीत दर्ज की थी (फाइल फोटो)
  • कहा-अब हमारे पास तेज गेंदबाजों की अच्‍छी खेप तैयार है
  • एक जमाने में हमारे पास बहुत ज्‍यादा तेज गेंदबाज नहीं थे
  • जसप्रीत बुमराह की भी प्रशंसा कर चुके हैं कपिल देव
मुंबई: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि देश में तेज गेंदबाजों की चल रही कमी अब काफी हद तक दूर हो गई है.उन्‍होंने कहा कि भारत के पास आखिर में विश्वस्तरीय तेज गेंदबाजों की अच्छी खेप तैयार हो गई है और टीम स्पिनरों के अलावा उन पर भी पूरा भरोसा कर सकती है. गौरतलब है कि देश एक समय तेज गेंदबाजों की कमी से जूझा था और तेज गेंदबाजों के नाम पर टीम के पास केवल कपिल ही हुआ करते थे. हाल में दिनों में भारतीय तेज गेंदबाजों ने स्पिन जोड़ी रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा को पूरा सहयोग दिया. पिछली नौ सीरीज से टीम के अजेय अभियान में तेज गेंदबाजों की भूमिका भी अहम रही है.

यह भी पढ़ें : बीसीसीआई की प्रशासकों की समिति सौंपना चाहती है कपिल देव को यह बड़ी जिम्‍मेदारी....

तेज गेंदबाजों विशेषकर उमेश यादव के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कपिल ने कहा, ‘आपके सवाल ने मुझे खुश कर दिया क्योंकि आज हमने तेज गेंदबाजों पर निर्भर होना शुरू कर दिया है. एक जमाना था जब हमारे पास कोई तेज गेंदबाज नहीं था और आज हमारे पास इतने अधिक तेज गेंदबाज हैं. जो खिलाड़ी अभी बाहर हैं वे किसी भी समय भारत की तरफ से खेल सकते हैं.’ यहां एक कार्यक्रम से इतर बात कर रहे हैं कपिल ने हालांकि वर्तमान भारतीय कोच रवि शास्त्री की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया करने से इन्कार कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि वर्तमान टीम 20 साल पहले की टीमों से बेहतर है.

यह भी पढ़ें : अपना मोम का पुतला देखकर दंग रह गए कपिल देव, जानें क्या कहा?

उन्होंने कहा, ‘यह उनका (शास्त्री) मानना है. आप या तो इसे स्वीकार करो या फिर नकार दो. यह आप पर निर्भर है. ’ कपिल ने आलराउंडर हार्दिक पंड्या की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘उसमें एक अच्छा आलराउंडर बनने की क्षमता है.’ महान क्रिकेटर कपिल देव ने एक मौके पर डेथ ओवर्स में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले युवा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर प्रशंसा की थी.

वीडियो : टेस्‍ट क्रिकेट में चेतेश्‍वर पुजारा ने दिखाई चमक



विश्‍वकप 1983 में भारत को खिताबी जीत दिलाने वाले कपिल ने कहा था,‘जब मैंने पहली बार बुमराह को देखा तो कभी नहीं सोचा था कि वह अपने खेल को इतने आगे तक लेकर जाएंगे. उन्‍होंने कहा कि वह (बुमराह) मानसिक रूप से काफी मजबूत है. जब आपका एक्शन साफ नहीं है तो इतनी इतनी सटीक लाइन और लैंग्थ से गेंद नहीं डाल सकते. वह काफी मजबूत गेंदबाज है.’उन्होंने कहा,‘मैंने जब उसे पहली बार वनडे मैच खेलते देखा था, तबसे लेकर अब तक उसके लिये मेरे दिल में इज्जत काफी बढ़ गई है.
(इनपुट : एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kapil Dev, Fast Bowlers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com