- हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ निर्णायक वनडे में 84 गेंदों में 102 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर दिलाया.
- हरमनप्रीत ने 82 गेंदों में शतक लगाकर भारत के लिए वनडे में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया.
- भारत के लिए वनडे में सबसे अधिक वनडे शतक लगाने के मामले में हरमन अब मिताली राज के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
हरमनप्रीत कौर ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में 102 रनों की पारी खेली, जिसके दम पर टीम इंडिया 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 318 रन बना पाई. चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर हरमन ने 84 गेंदों में 14 चौके जड़े और 102 रन बनाए. इसके साथ ही उन्होंने दो बड़े रिकॉर्ड लिस्ट में भी जगह बनाई.
भारत के लिए वनडे में दूसरा सबसे तेज शतक
हरमनप्रीत में सिर्फ 82 गेंदों में अपना शतक लगाया और वह वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. महिला वनडे में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाली भारतीय का रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है, जिन्होंने इसी साल राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ 70 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी. इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर भी हरमनप्रीत हैं. उन्होंने पिछले साल बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 85 गेंदों में शतक जड़ा था.
भारत के लिए सबसे तेज़ वनडे शतक (गेंदों द्वारा)
- 70 स्मृति मंधाना बनाम आयरलैंड राजकोट 2025
- 82 हरमनप्रीत कौर बनाम इंग्लैंड चेस्टर-ले-स्ट्रीट 2025
- 85 हरमनप्रीत कौर बनाम दक्षिण अफ्रीका बेंगलुरु 2024
- 89 जेमिमा रोड्रिग्स बनाम दक्षिण अफ्रीका कोलंबो आरपीएस 2025
भारत के लिए सबसे अधिक शतक
इंग्लैंड के खिलाफ यह शतक, हरमनप्रीत के वनडे करियर का सातवां शतक रहा. भारत के लिए वनडे में सबसे अधिक वनडे शतक लगाने के मामले में हरमन अब मिताली राज के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. हरमन अब केवल स्मृति मंधाना से पीछे हैं, जिनके नाम 11 शतक हैं.
वनडे में सबसे अधिक शतक लगाने वाले भारतीय
- स्मृति मंधाना- 11
- हरमनप्रीत कौर - 7
- मिताली राज - 7
- पुनम राऊत - 3
- थिरुश कामिनी - 2
भारत ने खड़ा किया 318 का स्कोर
कप्तान हरमनप्रीत कौर की 84 गेंद में 102 रन की पारी और जेमिमा रोड्रिग्ज के तेजतर्रार अर्धशतक की मदद से भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे मैच में पांच विकेट पर 318 रन बनाए. हरमनप्रीत शानदार लय में नजर आईं और उन्होंने अपने कुल सातवें और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे शतक के दौरान कुछ महत्वपूर्ण साझेदारियां भी की. उन्होंने अपनी पारी के दौरान 14 चौके जड़े. यह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में भारत का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है. टीम ने सितंबर 2022 में केंटरबरी में इंग्लैंड के खिलाफ पांच विकेट पर 333 रन का सर्वोच्च स्कोर बनाया था.
भारतीय कप्तान ने ऑफ साइड में शानदार शॉट खेले और अपने अधिकतर चौके वहीं मारे. उन्होंने कुछ सीधी बाउंड्री लगाने के अलावा विकेट के पीछे भी एक चौका मारा. हरमनप्रीत ने इस दौरान हरलीन देओल (45) के साथ तीसरे विकेट विकेट के लिए 81 और फिर जेमिमा रोड्रिग्स (50) के साथ सिर्फ 77 गेंद में 110 रन की साझेदारी करके भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
यह भी पढ़ें: बर्मिंघम का हीरो मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर, कप्तान शुभमन गिल ने लगाई मुहर
यह भी पढ़ें: प्रसिद्ध कृष्णा vs अंशुल कंबोज, किसे मिलेगा मौका? शुभमन गिल ने मैनचेस्टर टेस्ट की प्लेइंग XI को लेकर दिया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं