गुजरात टाइटन्स को भले ही खेलने के पारंपरिक तरीके के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा हो, लेकिन टीम के सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन ने कहा कि बृहस्पतिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चेन्नई के खिलाफ खेले जाने वाले अपने आखिरी आईपीएल लीग मैच में उनका ध्यान नेट रन रेट की चिंता करने के बजाय शीर्ष दो में जगह पक्की करने पर है. टाइटन्स की टीम पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुकी है और अभी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है, लेकिन पहले ही बाहर हो चुके चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ (GT vs CSK) जीत से शीर्ष दो में जगह बनाने की उनकी संभावनाएं काफी मजबूत हो जाएंगी जिससे उन्हें फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे.
सुदर्शन ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा, ‘सबसे पहली और जरूरी बात है कि हमें अच्छा क्रिकेट खेलना है और कल जीत हासिल करनी है.' उन्होंने कहा, ‘हम अभी ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि बहुत बड़े अंतर से जीतने या बहुत बड़ी जीत हासिल करने के बारे में सोचें. यहां बात फिर से वही सही काम करने की है जो हम अब तक करते आए हैं और जीत हासिल करने की है.'
सुदर्शन ने कहा, ‘अगर हम उस स्थिति में होते हैं तो हां, अन्य टीम की तरह हम भी चाहेंगे कि इसे जितना हो सके, उतनी आसानी से खत्म करें या खुद को शीर्ष दो में जगह बनाने का सबसे अच्छा मौका दें.' बता दें कि अभी तक के सफर के बाद आरसीबी, गुजरात और सनराइजर्स हैदराबाद वो टीम हैं, जो प्ले-ऑफ राउंड में जगह बना चुकी हैं और यहां से चौथी टीम का तय होना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं