विज्ञापन

IND vs AFG: साई सुदर्शन इन, पडिक्कल आउट...भारतीय प्लेइंग 11 को लेकर ऐसा बन रहा समीकरण, गौतम गंभीर का बड़ा खुलासा

भारत और अफगानिस्तान के बीच एक मात्र टेस्ट मैच 6 जून से खेला जाएगा.इस टेस्ट मैच से पहले गौतम गंभीर ने भारतीय इलेवन को लेकर बड़ा संकेत दिया है.

IND vs AFG: साई सुदर्शन इन, पडिक्कल आउट...भारतीय प्लेइंग 11 को लेकर ऐसा बन रहा समीकरण,  गौतम गंभीर का बड़ा खुलासा
Gautam Gambhir ने प्लेइंग इलेवन को लेकर किया बड़ा इशारा

Gautam Gambhir on Sai Sudarshan: भारत के कोच गौतम गंभीर ने साई सुदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है और उन्हें वर्ल्ड क्रिकेट का वर्ल्ड क्लास क्रिकेटर करार दिया है. गंभीर ने माना है कि साई को ज्यादा से ज्यादा मौके दिए जाएंगे. गंभीर का कहना है कि सुदर्शन एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं और वह हाल ही में आईपीएल 2026 में 700 से ज्यादा रन बनाकर आ रहे हैं. गंभीर के बयान के बाद यह लगभग तय हो गया है कि अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में नंबर 3 की पोजीशन पर सुदर्शन ही खेलते दिखाई देंगे।. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए गंभीर ने कहा, "मेरा हमेशा से मानना है कि किसी भी खिलाड़ी को अपनी काबिलियत साबित करने के लिए पर्याप्त मौके मिलने चाहिए. साई सुदर्शन खराब फॉर्म में नहीं हैं और वह आईपीएल 2026 में 700 से अधिक रन बनाकर आ रहे हैं, अगर हम किसी खिलाड़ी को 4 या 5 पारियों के आधार पर जज करेंगे, तो हम टीम तैयार नहीं कर पाएंगे."

साई सदर्शन को नंबर 3 पर मिलेगा मौका

इसके अलावा गंभीर ने कहा, "ऐसा नहीं है कि हम अगर एक खिलाड़ी को 5 मुकाबले में आजमाएंगे, तो दूसरे को सिर्फ एक या दो मुकाबलों में मौका देंगे. हालांकि, अभी हम साई सुदर्शन के साथ जाना चाहते हैं और उन्हें पर्याप्त मौके देना चाहते हैं. वह एक वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह शानदार प्रदर्शन करके दिखाएंगे."

सुदर्शन ने भारत के लिए अब तक कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान खेली 11 पारियों में सुदर्शन ने 27 की औसत से खेलते हुए 302 रन बनाए हैं. क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सुदर्शन ने अब तक दो अर्धशतक लगाए हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में सुदर्शन के पास अपनी काबिलियत को साबित करने का सुनहरा मौका होगा.

आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए सुदर्शन का प्रदर्शन लाजवाब रहा और उन्होंने 17 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 722 रन बनाए.भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला एकमात्र टेस्ट मुकाबला 6 जून से मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है.

पडिक्कल को करना होगा इंतजार

इसका मतलब है कि पडिक्कल को इंतजार करना होगा क्योंकि फिटनेस संबंधी कोई समस्या न होने पर सुदर्शन कम से कम अगले 10 टेस्ट मैच खेलेंगे. गंभीर से पूछा गया कि क्या पडिक्कल के टीम में जगह बनाने की कोई संभावना है, उन्होंने कहा, ‘‘आप केवल 11 खिलाड़ियों का चयन कर सकते हैं. कभी-कभी आपको (देवदत्त) मौके के लिए इंतजार करना पड़ता है.''पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि मजबूत टीम बनाने के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को लंबा मौका देना जरूरी है.

उन्होंने कहा, ‘‘साईं खराब फॉर्म में नहीं हैं, उन्होंने आईपीएल में 700 से अधिक रन बनाए हैं। अगर हम साईं का आकलन चार पांच मैचों के आधार पर करेंगे तो फिर कोई ठोस राय नहीं बना पाएंगे, '

गंभीर ने कहा, ‘‘जब भी पडिक्कल का समय आएगा, हम उन्हें भी उचित मौका देंगे।. यह किसी एक को 5 टेस्ट मैच और दूसरे को एक टेस्ट मैच में उतारने की बात नहीं है. अगर हम किसी एक को पर्याप्त मौका देते हैं, तो जब भी दूसरे को मौका मिलेगा हम उसे भी पर्याप्त मौके देंगे। लेकिन अभी मुझे लगता है कि हमें साई को उचित मौका देना चाहिए क्योंकि वह भी विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं. ''

मानव सुथार और हर्ष दुबे में से किसे मिलेगा मौका, गंभीर ने दिया जवाब

गंभीर ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी कि मानव सुथार और हर्ष दुबे में से किसे शनिवार को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिलेगा. लेकिन यह स्पष्ट है कि जिसे भी मौका मिलेगा वह श्रीलंका के दौरे में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर के साथ चौथा स्पिनर होगा.

उन्होंने कहा, ‘‘मानव और हर्ष कुछ हद तक एक जैसे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके गेंद फेंकने के तरीके में कुछ अंतर भी हैं। इस मैच से हमें अपना चौथा स्पिनर तैयार करने में मदद मिलेगी क्योंकि हम श्रीलंका में चार स्पिनर लेकर जाएंगे. उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए यह किसी ऐसे खिलाड़ी को आजमाने का एक आदर्श अवसर है जो लंबे समय तक चौथे स्पिनर के रूप में भी काम आ सकता है.''

ऋषभ पंत के फॉर्म को लेकर क्या बोले गौतम गंभीर

टेस्ट उप-कप्तान के पद से ऋषभ पंत को हटाए जाने के संदर्भ में गंभीर ने कहा कि इस बल्लेबाज को उनका समर्थन हासिल है, लेकिन उन्हें खेल की स्थिति को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है.

भारतीय कोच ने कहा, ‘‘हम ऋषभ पंत की खेल की शैली में बदलाव नहीं चाहते, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों के लिए मैच की परिस्थितियों का सम्मान करना जरूरी होता है.'' उन्होंने कहा, ‘‘चाहे टेस्ट क्रिकेट हो, वनडे क्रिकेट हो या टी20 क्रिकेट. अंतिम लक्ष्य रन बनाना और विकेट लेना है. आप रन कैसे बनाते हैं, यह आप पर निर्भर करता है. लेकिन स्थिति और खेल को समझना बहुत महत्वपूर्ण है.''

पहले टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रिसिध कृष्णा

ये भी पढ़ें- IND vs AFG: सुदर्शन को मौका, हर्ष या मानव को मिल सकता डेब्यू का चांस, भारतीय दिग्गज ने चुनी परफेकट प्लेइंग XI

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com