विज्ञापन

ऋषभ पंत की फिटनेस पर गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्पी, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले दिया बड़ा अपडेट

रविवार को खबर आई कि ऋषभ पंत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट से बाहर हो गए हैं.

ऋषभ पंत की फिटनेस पर गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्पी, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले दिया बड़ा अपडेट
ऋषभ पंत की फिटनेस पर गौतम गंभीर ने तोड़ी चुप्पी

मुख्य कोच गौतम गंभीर ने रविवार को कहा कि उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए चोटिल विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की उपलब्धता के बारे में कोई जानकारी नहीं है. ईरानी कप में 'रेस्ट ऑफ इंडिया' की कप्तानी करते हुए पंत चोटिल हो गए थे. पहली पारी में स्वीप शॉट खेलने की कोशिश के दौरान उन्हें परेशानी महसूस हुई थी. चोट के बावजूद, वह दूसरी पारी में 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन उस समय उन्हें फ्लू के लक्षण भी थे और जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी के दौरान उन्होंने विकेटकीपिंग नहीं की.

तब से वह बीसीसीआई की मेडिकल टीम की देखरेख में ठीक हो रहे हैं. हालांकि उनका स्किल ट्रेनिंग में वापस आना एक सकारात्मक कदम है, लेकिन टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. उनके खेल में वापसी की समय-सीमा, तीन से चार स्किल सेशन पूरे करने के बाद और स्पष्ट हो सकेगी. इन सेशन के दौरान उनकी प्रगति से ही तय होगा कि वह कब प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं.

वहीं भारत की 3-2 से T20I सीरीज जीत के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब पंत की फिटनेस और उपलब्धता के बारे में पूछा गया, तो गंभीर ने कहा,"फिलहाल मेरे पास कोई जानकारी नहीं है, और जैसे ही मुझे कोई जानकारी मिलेगी, हम आपके साथ साझा करेंगे."

गंभीर के इस बयान के बाद ही खबर आई कि ऋषभ पंत को भारत 'ए' और न्यूजीलैंड 'ए' के ​​बीच तीसरे और आखिरी रेड-बॉल मैच से बाहर कर दिया गया है. इससे वेलिंगटन में होने वाले पहले टेस्ट मैच में उनके खेलने पर भी संशय पैदा हो गया है. पहला टेस्ट 19 नवंबर से बेसिन रिजर्व में शुरू होगा.

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई के एक सूत्रों के हवाले से दावा किया,"एहतियात के तौर पर ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड 'ए' के ​​खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट से बाहर रखा गया है." "हालांकि पंत ने अपनी स्किल ट्रेनिंग फिर से शुरू कर दी है और उन्हें कोई दर्द भी नहीं हो रहा है, लेकिन प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी को लेकर अभी कोई पक्की समय-सीमा तय नहीं है."

उनके न खेल पाने की वजह से, दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले उन्हें मैदान पर बिताने के लिए मिलने वाला अहम समय नहीं मिल पाएगा. पंत अब भारत के लिए केवल एक फॉर्मेट के खिलाड़ी रह गए हैं, क्योंकि उन्होंने व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में अपनी जगह खो दी है.

यह भी पढ़ें: हर‍ियाणा की बेटी ने इत‍िहास रचा तो स‍िर्फ मां-बाप नाचे? सामने आई पूरे गांव में जश्‍न की हकीकत

यह भी पढ़ें: 'कंधों पर और बोझ बढ़ गया...,' पांचवें T20 में 93 रन ठोककर टिम सीफर्ट ने बयां किया दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Cricket, Rishabh Rajendra Pant
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com