भारतीय टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को 23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए जम्मू कश्मीर के विकेटकीपर कन्हैया वधावन की अगुवाई वाली नॉर्थ जोन की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. सीमित ओवरों के विशेषज्ञ अर्शदीप को 2025 में इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली थी, लेकिन चोट और टीम संयोजन के कारण वह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं कर सके थे. हाल में भारतीय टेस्ट टीम से बाहर हुए हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को भी उत्तर क्षेत्र की टीम में शामिल किया गया है.
जम्मू कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत के बाद चयनकर्ताओं ने वहां के छह खिलाड़ियों को टीम में जगह देकर उनके प्रदर्शन को सम्मान दिया है. वधावन के अलावा सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल, हरफनमौला अब्दुल समद, बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक, तेज गेंदबाज सुनील कुमार और युधवीर सिंह को भी टीम में शामिल किया गया है.
दिल्ली के आयुष बदोनी को उपकप्तान बनाया गया है. जम्मू कश्मीर के कप्तान और 41 वर्षीय अनुभवी बल्लेबाज पारस डोगरा को टीम में जगह नहीं मिली. चयनकर्ताओं का मानना है कि दलीप ट्रॉफी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत करने वाले खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण मंच है. जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी राष्ट्रीय टीम की जिम्मेदारियों के कारण इस टूर्नामेंट में उपलब्ध नहीं रहेंगे.
जम्मू कश्मीर के बाद दिल्ली के सबसे अधिक चार खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है. इनमें सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान, पूर्व कप्तान यश ढुल, मध्यक्रम के बल्लेबाज आयुष दोसेजा और उपकप्तान बदोनी शामिल हैं. स्पिन और हरफनमौला विकल्प के रूप में निशांत सिंधू, आबिद मुश्ताक और अर्जुन शर्मा को टीम में शामिल किया गया है.
नॉर्थ जोन की टीम : कन्हैया वधावन(कप्तान), आयुष बदोनी (उपकप्तान), सनत सांगवान, कामरान इकबाल, यश ढुल, आयुष दोसेजा, अब्दुल समद, निशांत सिंधू, अर्जुन शर्मा, आबिद मुश्ताक, अर्शदीप सिंह, सुनील कुमार, अंशुल कंबोज, युधवीर सिंह और निखिल कश्यप.
यह भी पढ़ें: कैसे नीरज चोपड़ा की एक सलाह से मेडल जीते यशवीर सिंह, जैवलिन थ्रो में भारत ने रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं