यह ख़बर 30 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़कर अलविदा हुए धोनी

महेंद्र सिंह धोनी की फाइल तस्वीर

मेलबर्न:

महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तान के रूप में सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने के सुनील गावस्कर के भारतीय रिकॉर्ड को तोड़कर लंबी अवधि की क्रिकेट को अलविदा कहा। धोनी ने आज भारत की दूसरी पारी में नाबाद 24 रन बनाये और इस दौरान उन्होंने दो नए रिकॉर्ड बनाए।
कप्तान के रूप में उनके कुल रनों की संख्या 3454 पर पहुंची जो भारत की तरफ से नया रिकॉर्ड है। इससे पहले का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर (3449 रन) के नाम पर था। धोनी ने 60 और गावस्कर ने 47 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की।

इसके साथ ही धोनी कप्तान के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गये हैं। उनके नाम पर 10,018 रन दर्ज हैं। इस तरह से वह रिकी पोंटिंग (15440), ग्रीम स्मिथ (14878), स्टीफन फ्लेमिंग (11561) और एलन बोर्डर (11062) के क्लब में शामिल हो गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

यही नहीं धोनी ने विकेट के पीछे भी नए रिकार्ड के साथ टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने मेलबर्न टेस्ट मैच में नौ शिकार (आठ कैच और एक स्टंप) किए। वह एक मैच में नौ शिकार करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बन गए हैं।