खराब नतीजों के बावजूद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) शान मसूद को टेस्ट टीम का कप्तान बरकरार रखना चाहता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व कप्तान सरफराज अहमद को रेड-बॉल फॉर्मेट के लिए हेड कोच नियुक्त किए जाने की उम्मीद है. पीसीबी यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का एक नया चक्र शुरू करने की तैयारी कर रहा है. बांग्लादेश दौरे पर पाकिस्तान की टीम 8-20 मई के टेस्ट सीरीज में 2 मैच खेले जाएंगे. 'टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी लंबे फॉर्मेट में स्थिरता बनाए रखना चाहता है, भले ही मसूद की कप्तानी और बल्लेबाजी फॉर्म को लेकर आलोचना हो रही हो, खासकर तब जब पाकिस्तान पिछले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में सबसे निचले पायदान पर रहा था.
शान मसूद के कार्यकाल में टीम को विदेशों में कठिन दौर से गुजरना पड़ा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया में 0-3 की करारी हार और साउथ अफ्रीका में 0-2 से सीरीज गंवाना शामिल रहा. घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 2-1 की सीरीज जीत कुछ सकारात्मक परिणामों में रही, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ 1-1 की बराबरी ने टीम की अस्थिरता को फिर उजागर किया.
एक बड़े फैसले के तहत सफराज के अजहर महमूद की जगह रेड-बॉल हेड कोच बनने की संभावना है. माना जा रहा है कि यह कदम कप्तान और टीम मैनेजमेंट के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए उठाया जा रहा है, क्योंकि मसूद और सरफराज के बीच मजबूत समझ है. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि माइक हेसन को सभी फॉर्मेट का हेड कोच नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली, क्योंकि पीसीबी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स और चयन समिति दोनों ने इसका विरोध किया था.
पाकिस्तान मौजूदा डब्ल्यूटीसी चक्र में तीन टेस्ट सीरीज खेलने वाला है. यह देश बांग्लादेश, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खेलेगा. बांग्लादेश दौरे के लिए टीम की घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है, जिसमें युवा सलामी बल्लेबाज अजान अवैस घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार हैं. इस बीच, लाहौर में नेशनल क्रिकेट एकेडमी में सरफराज और एकेडमी के कोचों की देखरेख में रेड-बॉल ट्रेनिंग कैंप चल रहा है, क्योंकि पाकिस्तान टेस्ट फॉर्मेट में अपनी टीम को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं