IPL 2026- आईपीएल में दिल्ली और लखनऊ की टीमें 8वीं बार मुकाबला कर रही हैं. दोनों टीमें IPL 2025 में प्लेऑफ मुकाबले तक नहीं पहुंच सकी थीं. लेकिन इन दोनों टीमों के बीच आईपीएल में पिछले दो सालों के दौरान दिल्ली की टीम हावी रही है. बीते दो सालों के दौरान खेले गए सभी 3 मैच दिल्ली ने जीते हैं. आलम ये है कि LSG vs DC के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में हुए मुकाबलों में दिल्ली की टीम ही हावी रही है. इकाना स्टेडियम में दोनों टीमें इससे पहले तीन बार भिड़ चुकी हैं और पिछले दोनों मुकाबले दिल्ली ने जीते हैं. यह लखनऊ का होम ग्राउंड है जहां दिल्ली की टीम उससे 2-1 से आगे हैं. आज यहीं दोनों टीमें फिर आमने-सामने हैं.
इकाना में जब पहली बार हुआ LSGvsDC मुकाबला
जब पहली बार दोनों टीमें यहां अप्रैल 2023 में भिड़ीं थी तब लखनऊ की कप्तानी केएल राहुल के हाथों में थी और उन्होंने उस मुकाबले को बहुत बड़े अंतर 50 रन से जीता था. मैच में कप्तान राहुल का बल्ला नहीं चला. हालांकि टीम ने वेस्ट इंडीज के काइल मेयर की 38 गेंदों पर खेली गई 73 रनों की पारी की बदौलत 193 रन बनाए और जब दिल्ली बल्लेबाजी करने आई तो पांच साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे इंग्लिश गेंदबाज मार्क वुड ने तहलका मचा दिया था.

Photo Credit: BCCI
मार्क वुड ने अकेले दम पर दिलाई जीत
उस दिन मार्क वुड ने शुरुआत पृथ्वी शॉ को बोल्ड कर की और फिर मिचेल मार्श को भी बोल्ड किया. फिर सरफराज खान, अक्षर पटेल और चेतन सकारिया के विकेट चटका कर विकेटों का पंजा पूरा किया. दिल्ली की ओर से कप्तान डेविड वॉर्नर (50 रन) के अलावा कोई और बल्लेबाज विकेट पर टिक ही नहीं सका. दो दिन बाद ही मार्क वुड ने धोनी की टीम के खिलाफ भी तीन विकेट चटकाए. इसमें डेवन कॉनवे, जडेजा और खुद धोनी के विकेट भी शामिल थे. उस टूर्नामेंट में वुड ने 11 विकेट लिए पर इंजरी की वजह से उसके बाद कभी आईपीएल में नजर नहीं आए.
ये भी पढ़ें: IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?

तब दिल्ली के कप्तान रहे पंत आज लखनऊ के कप्तान हैं, जबकि दिल्ली की बागडोर अक्षर पटेल के हाथों में है
Photo Credit: BCCI
2022 से शुरू हुआ लखनऊ का सफर
दोनों टीमों के बीच मुकाबले की कहानी साल 2022 के IPL से शुरू हुई. तब दो नई टीमें गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स इस प्रीमियर लीग से जुड़ी थीं. गुजरात की टीम हार्दिक पांड्या की कप्तानी में उसी साल चैंपियन बनी. लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी दमदार प्रदर्शन किया. राजस्थान रॉयल्स से महज 0.05 नेट रन रेट से पिछड़ते हुए लखनऊ की टीम पॉइंट टेबल में तीसरे पायदान पर रही.
एलिमिनेटर में चौथे नंबर पर रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने केएल राहुल की अगुवाई वाली इस टीम का सफर खत्म कर दिया. उसी साल लीग मैच के दौरान राहुल की टीम ने धोनी की सीएसके, श्रेयस अय्यर की केकेआर समेत कई टीमों को हराया. रोहित की एमआई से दो बार भिड़ी, और दोनों ही बार मुंबई की टीम उसे हरा नहीं सकी.
ये भी पढ़ें: धोनी दो हफ्ते हो सकते हैं IPL से दूर, माही की बैटिंग पोजिशन और फिटनेस पर तीन पूर्व क्रिकेटरों ने क्या कहा?

Photo Credit: BCCI
अंत तक पिच पर थे पंत, लेकिन...
उस साल दिल्ली की टीम की बागडोर ऋषभ पंत के पास थी. राहुल ने दोनों ही मैचों में अपनी कप्तानी की ऐसी सूझबूझ दिखाई कि पंत की टीम घुटने टेकने पर मजबूर हो गई. आलम ये था कि पहले मैच में पंत भी अंत तक पिच पर थे. सात विकेट ही हाथ में थे. दिल्ली पहले बल्लेबाजी कर रही थी. लेकिन राहुल ने जिस अंदाज में अपने गेंदबाजों को बार-बार बदला.
पंत अंत तक नॉट आउट रहते हुए भी 36 गेंदों पर केवल 39 रन ही बना सके और 20 ओवर के बाद दिल्ली ने स्कोरबोर्ड पर केवल 149 रन ही टांगे थे. इस तरह दिल्ली-लखनऊ के इस पहले मैच में राहुल की टीम ने बाजी मार लिया. मैच के बाद ऋषभ पंत ने हार के लिए नवी मुंबई की ओस को बड़ा जिम्मेदार बताया. कुछ ही दिनों बाद दिल्ली को लखनऊ ने एक बार फिर हराया तो इस बार जीत के हीरो थे खुद कप्तान केएल राहुल.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं