Delhi Capitals vs Kolkata Knight Riders: आईपीएल 2026 के तहत नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम पर शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को उसके ही घर में 8 विकेट से रौंद दिया.निश्चित तौर पर केकेआर के सामने 143 के स्कोर के बचाव के लिए दिल्ली कैपिटल्स के बॉलरों को बल्लेबाजी के लिए अनुकूल विकेट पर असाधारण प्रदर्शन करने की दरकार थी. और यह असाधारण प्रदर्शन तभी तक हुआ, जब केकेआर ने 31 रन के भीतर उसके दो विकेट गिरा दिए. रहाणे (13) दुर्भाग्यपूर्ण अंदाज में रन आउट हुए, तो अंगकृष को कप्तान अक्षर पटेल ने सस्ते में समट दिया. लेकिन फिर यहां से फिन एलन (नाबाद 100 रन, 47 गेंद, 5 चौके, 10 छक्के) के बल्ले से इस सीजन की सबसे भयावन सुनामी में से एक निकली, तो कैमरून ग्रीन (नाबाद 33 रन, 27 गेंद, 2 छक्के) ने भी एलन का पूरा-पूरा साथ दिया. नतीजा यह निकला कि केकेआर ने 14.2 ही ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को जमींदोज कर दिया.
वहीं, पहली पाली में दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर के सामने जीत के लिए 143 रनों का लक्ष्य रखा था. पहले बैटिंग का न्योता पाने के बाद दिल्ली के दोनों ओपनरों श्रीलंका के पथुम निसानका (50) और केएल राहुल (23) ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़कर शुरुआत तो ठीक-ठाक ही की थी, लेकिन जमने के बाद केएल पारी लंबी नहीं खींच सके, तो केएल के आउट होने के बाद नितीश राणा (8), समीर रिजवी (3) और ट्रिस्टियन स्टब्बस (2) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके. थोड़ी गनीमत यह रही कि निसानका टिके रहे, तो निचले क्रम में आशुतोष शर्मा (39 रन, 28 गेंद, 3 चौके, 3 छ्क्के) ने दिखाया कि क्यों नियमित अंतराल पर न खिलाकर दिल्ली ने गलती की है. इस कोशिश से दिल्ली कोटे के ओवरों में 8 विकेट पर 142 का आंकड़ा छूने में सफल रहा. अंकुल रॉय और कार्तिक त्यागी ने दो-दो, जबकि वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरून ग्रीन ने एक-एक विकेट लिया.
इससे पहले केकेआर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. दिल्ली ने इलेवन में दो बदलाव किए. टी. नटराजन की जगह मुकेश कुमार आए हैं, तो विपल निगम भी XI का हिस्सा हैं. वहीं, केकेआर ने उसी टीम को चुना है, जो पिछले मैच में खेली थी. शुक्रवार के मैच में खेल रहीं दोनों टीमों की फाइनल XI इस प्रकार रहीं:
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), 2 पाथुम निसांका, 3 समीर रिज़वी, 4 ट्रिस्टन स्टब्स, 5 नीतीश राणा, 6 अक्षर पटेल (कप्तान), 7 आशुतोष शर्मा, 8 लुंगी एनगिडी, 9 मिचेल स्टार्क, 10 विपराज निगम, 11 मुकेश कुमार
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), 2 अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), 3 कैमरून ग्रीन, 4 रोवमैन पॉवेल, 5 मनीष पांडे, 6 रिंकू सिंह, 7 सुनील नरेन, 8 अनुकूल रॉय, 9 कार्तिक त्यागी, 10 वैभव अरोड़ा, 11 वरुण चक्रवर्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं