आईपीएल 2026 (IPL 2026) के छठवें मुकाबले में आज (दो अप्रैल 2026) कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला कोलकाता स्थित ईडन गार्डन स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच के दौरान हैदराबाद की टीम के लिए सबसे बड़ी समस्या केकेआर के 25 करोड़ी ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन (Cameron Green) रहेंगे. क्योंकि जब-जब ग्रीन के सामने एसआरएच की टीम आई है. उनका बल्ला जमकर चला है. खबर लिखे जाने तक ग्रीन ने आईपीएल में एसआरएच के खिलाफ कुल तीन मुकाबले खेले हैं. इस बीच वह तीन पारियों में 201 रन बनाने में कामयाब हुए हैं. मजेदार बात यह है कि इन तीनों ही मौकों पर ग्रीन नाबाद रहे हैं. जिसका मतलब है कि एसआरएच के गेंदबाज उन्हें आउट ही नहीं कर पाए हैं.
40 गेंदों में ठोके नाबाद 64 रन
कैमरन ग्रीन ने पहली बार आईपीएल में एसआरएच के गेंदबाजों का सामना 2023 में किया था. उस दौरान वह मुंबई इंडियंस के बेड़े में थे. उस मुकाबले में एमआई की तरफ से एसआरएच के खिलाफ ग्रीन का बल्ला जमकर चला था. मैच के दौरान उन्होंने 40 गेंदों में 64 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी.
दूसरे मुकाबले में ग्रीन ने जड़ा शतक
दूसरी बार एसआरएच के गेंदबाजों के खिलाफ ग्रीन और प्रचंड लय में नजर आए. इस बार उन्होंने 47 गेंदों में शतक जड़ते हुए हर किसी को चौंका दिया था. मजेदार बात ये रही कि इस दौरान भी वह एमआई की तरफ से ही शिरकत कर रहे थे. मैच के दौरान वह शतक लगाकर नाबाद ड्रेसिंग रूम में लौटे थे.
तीसरी बार आरसीबी की तरफ से बिखेरी चमक
तीसरी बार ग्रीन की जर्सी का रंग बदल चुका था. 2024 में वह एमआई के बजाय आरसीबी की टीम का हिस्सा थे. मगर उनका बल्ला उसी तरह आग उगलता रहा. टीम के लिए उन्होंने 20 गेंदों में नाबाद 37 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी.
अब केकेआर फैंस को जगी उम्मीद
ग्रीन के इस शानदार प्रदर्शन को देख अब केकेआर फैंस को भी उनसे उम्मीदें जुड़ने लगी है. फ्रेंचाइजी ने जारी सीजन के लिए उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है. खबर लिखे जाने तक उन्होंने आईपीएल में कुल 30 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 29 पारियों में 40.28 की औसत से 725 रन निकले हैं. वहीं गेंदबाजी के दौरान उन्होंने 29 पारियों में 41.5 की औसत से 16 सफलता प्राप्त की है.
यह भी पढ़ें- धोनी, विराट नहीं तो कौन है IPL का सर्वश्रेष्ठ कप्तान? रजत पाटीदार ने बताया उसका नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं