भारत के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में ब्लेयर टिकनर ने सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्ले से भी योगदान देकर ध्यान खींचा था. न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में 34 रन बनाए थे, जिसमें चार छक्के शामिल थे. लेकिन मैच के बाद टिकनर ने जिस बात पर खुलकर बात की, वह क्रिकेट से कहीं आगे की कहानी थी. टिकनर की पत्नी सारा को अप्रैल 2024 में ल्यूकेमिया होने का पता चला था. इसके बाद करीब आठ महीने तक उनका इलाज चला. अब सारा स्वस्थ हैं, लेकिन उस मुश्किल दौर ने टिकनर के जीवन और क्रिकेट को देखने का नजरिया बदल दिया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में टिकनर ने कहा, "मेरी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए हैं. सारा और मेरा परिवार बहुत कुछ झेल चुका है. अब मैं अपने क्रिकेट का आनंद लेना चाहता हूं और शायद पहले से ज्यादा खुद को जीने की कोशिश कर रहा हूं." उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में वह लगातार दबाव महसूस करते थे, लेकिन पत्नी की बीमारी ने उन्हें कई चीजें नए सिरे से समझाईं.
टिकनर ने कहा, "मेरे करियर के अलग-अलग पड़ाव रहे हैं. शुरुआत में काफी दबाव रहता था. फिर सारा का कैंसर उपचार शुरू हुआ, जो हमारे लिए बहुत कठिन समय था. अब मैं थोड़ा पीछे हटकर चीजों को देखता हूं. मैं मैदान पर जाकर खेल का मजा लेना चाहता हूं और यही करने की कोशिश भी करता हूं. उस दौर ने मुझे यह समझाया कि क्रिकेट जिंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन जिंदगी सिर्फ क्रिकेट नहीं है."
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ने स्वीकार किया कि परिवार के साथ बिताया हर पल अब उनके लिए पहले से ज्यादा मायने रखता है. उन्होंने कहा, "मैं मैदान पर मुस्कान के साथ खेलने की कोशिश करता हूं. इससे मुझे काफी मदद मिली है. मुझे पता है कि दिन खत्म होने के बाद मैं अपनी पत्नी और बेटी के पास घर लौटूंगा. खुद को इस स्थिति में पाकर मैं खुश भी हूं और खुद को भाग्यशाली भी मानता हूं."
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे शनिवार को वेलिंगटन में खेला जाएगा. मैच से पहले टिकनर ने वहां की परिस्थितियों पर भी बात की. उन्होंने कहा, "न्यूजीलैंड में हर मैदान अलग है. वेलिंगटन का मैदान ईडन पार्क से बिल्कुल अलग है और यहां स्क्वायर बाउंड्री काफी छोटी है. डेथ ओवरों में गेंदबाजी करते समय हमें इन बातों को ध्यान में रखना होता है. वनडे क्रिकेट में शुरुआती विकेट लेने की कोशिश रहती है, लेकिन आखिरी ओवरों में योजनाएं अलग होती हैं."
33 वर्षीय टिकनर अब तक न्यूजीलैंड के लिए 6 टेस्ट, 19 वनडे और 19 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं. उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 22, वनडे में 29 और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 21 विकेट दर्ज हैं. पहले वनडे में उनकी उपयोगी पारी चर्चा में रही, लेकिन उससे कहीं ज्यादा लोगों को उनके जीवन का वह संघर्ष छू गया, जिसने उन्हें क्रिकेट और परिवार के बीच संतुलन का महत्व समझाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं