T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया अभी अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. आयरलैंड और इंग्लैंड में लगातार दो T20I सीरीज हारना भारत के लिए अच्छा संकेत नहीं है. BCCI ने हाल की घटनाओं पर ध्यान दिया है. T20 वर्ल्ड कप के बाद BCCI के सेलेक्टर और टीम मैनेजमेंट ने बदलाव की प्रक्रिया शुरू की थी. आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए सूर्यकुमार यादव को नहीं चुना गया, जबकि वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव जैसे नए चेहरों को मौका दिया गया. इस प्रयोग से अभी तक मनचाहे नतीजे नहीं मिले हैं. ऐसे में अब BCCI फिर से एक रिव्यू मीटिंग करेगा.
BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा है कि 19 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम का दौरा खत्म होने के बाद भारतीय पुरुष टीम की हालिया T20I सीरीज हार पर होने वाली रिव्यू मीटिंग में मुख्य रूप से सुधार के तरीकों पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि बातचीत कमियों की पहचान करने और आगे की राह तय करने पर केंद्रित होगी.
दो हारों के बाद BCCI अब फिर करेगा रिव्यू मीटिंग
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय T20I टीम को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा और उसके बाद इंग्लैंड में भी सीरीज गंवानी पड़ी. इन दो हारों ने BCCI को टीम के खराब प्रदर्शन पर विचार करने के लिए मजबूर किया है, खासकर तब जब भारत ने मार्च में घरेलू मैदान पर 2026 पुरुष T20 वर्ल्ड कप जीता था.
ODI सीरीज में अच्छी फॉर्म की उम्मीद
शुक्रवार को IANS को दिए एक बयान में सैकिया ने कहा, "BCCI अभी भारतीय T20 टीम के प्रदर्शन पर नजर रख रहा है, जो इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. हालांकि, यह कोई असामान्य बात नहीं है और इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसा हो सकता है. हम इसे सिर्फ एक खराब दौर मानते हैं. 19 जुलाई को ODI सीरीज़ खत्म होने और टीम के वापस आने के बाद, हम टीम के मुख्य सदस्यों के साथ रिव्यू मीटिंग करेंगे और चर्चा करेंगे कि इंग्लैंड में क्या गलत हुआ. चूंकि अभी ODI सीरीज बाकी है, इसलिए हमें उम्मीद है कि टीम अच्छी फॉर्म में वापसी करेगी."
उन्होंने कहा कि, "रिव्यू मीटिंग पूरी तरह से टीम के प्रदर्शन और कमियों को दूर करने के तरीकों पर केंद्रित होगी. इसके अलावा किसी और चीज पर चर्चा नहीं होगी." इस समीक्षा बैठक में नए कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर के शामिल होने की उम्मीद है. इसमें टीम के चयन, रणनीति और विदेशी हालात में खेल के प्रदर्शन पर चर्चा की जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं