दुबई में एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी लेने से भारत की पुरुष टीम के इनकार करने के एक साल से भी कम समय बाद, रविवार को महिला टीम ने भी उसी मैदान पर ऐसा ही किया. महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 72 रनों से जीत दर्ज करते रिकॉर्ड आठवीं एशियाई चैंपियन बनने के बाद भारत ने प्रेजेंटेशन के दौरान नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. रविवार देर रात मैच खत्म होने के करीब 45 मिनट कर अवॉर्ड सेरेमनी शुरू नहीं हुई था. हालांकि, इसका अंदाजा पहले से था. वहीं अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय बोर्ड ने एशियन क्रिकेट काउसिंल को अपने फैसले के बार में पहले ही बता दिया था.
बीसीसीआई ने पहले ही दी थी जानकारी
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने एसीसी अधिकारियों को पहले ही बता दिया था कि अगर नकवी प्रेजेंटेशन में शामिल होते हैं और भारत फाइनल जीतता है, तो टीम उनसे ट्रॉफी नहीं लेगी. खिताबी मुकाबले के बाद, प्रेजेंटेशन सेरेमनी शुरू होने में काफी समय लगा. सेरेमनी में सबसे पहले मैच अधिकारियों को मेमोंटोस दिए गए, जिसके बाद श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु, उनकी टीम की साथी और कोचिंग स्टाफ एक-एक करके रनर-अप मेडल लेने के लिए आगे आए. इसके बाद अथापथु ने एसीसी प्रेसिडेंट के तौर पर मौजूद नकवी से रनर-अप का चेक लिया और फिर ब्रॉडकास्टर से बात की.
अथापथु के इंटरव्यू के बाद ब्रॉडकास्टर की तरफ से अवॉर्ड सेरेमनी के खत्म होने का ऐलान किया गया और भारतीय खिलाड़ी बिना विनर मेडल या एशिया कप की ट्रॉफी के ही रह गए. इसके बाद जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच अमोल मजूमदार आए तो उन्होंने बताया कि नकवी से ट्रॉफी न लेने का फैसला बीसीसीआई का है और टीम इसके साथ खड़ी है. मजूमदार ने आगे कहा कि भारत के चैंपियन बनने के बाद, टूर्नामेंट खत्म हुआ.
कब मिलेगी ट्रॉफी?
मजूमदार ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,"यह स्टैंड बीसीसीआई ने लिया है और हम इसके साथ खड़े हैं. हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो गया है. हम चैंपियन हैं. इतना ही काफी है. बड़े बोर्ड पर लिखा था कि भारत एशिया कप 2026 का चैंपियन है. हमारे लिए यह टूर्नामेंट आधिकारिक तौर पर खत्म हो गया है. हम खुश हैं कि हम चैंपियन बने हैं. अब हम एशियन गेम्स का इंतज़ार कर रहे हैं."
जब उनसे पूछा गया कि भारत को ट्रॉफी कब मिल सकती है, तो मजूमदार ने कहा कि अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा,"अभी तक कोई खबर नहीं है. इसलिए, मैं इसका जवाब नहीं दे सकता."
इस घटना ने पिछले साल सितंबर में इसी जगह पर हुए पुरुषों के एशिया कप फाइनल की यादें ताजा कर दीं, जब भारत ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था, जिसके कारण मैच खत्म होने के बाद भी प्रेजेंटेशन सेरेमनी एक घंटे से ज्यादा देरी से शुरू हुई थी.
तब टूर्नामेंट पहलगाम आतंकी हमले और मई में हुए सैन्य टकराव के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव के माहौल में खेला गया था. टूर्नामेंट के दौरान हुई तीन मैचों में भारत ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से भी इनकार कर दिया था. तब आई रिपोर्ट्स में दावा था कि सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के वाइस-चेयरमैन खालिद अल जारूनी से ट्रॉफी लेने को तैयार थे, लेकिन नकवी एसीसी प्रेसिडेंट के तौर पर इसे सौंपने पर अड़े हुए थे.
यह भी पढ़ें: अभिषेक या ईशान नहीं बल्कि कप्तान श्रेयस अय्यर ने इन्हें दिया अफगानिस्तान के खिलाफ मिली जीत का क्रेडिट
यह भी पढ़ें: ट्रॉफी लेने को तैयार था भारत, मगर जिद पर अड़े रहे मोहसिन नकवी, एशिया कप विवाद पर बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं