मौजूदा समय में पाकिस्तान की टीम बांग्लादेश के दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला 11 मार्च को ढाका स्थित शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया. जहां पाक टीम को आठ विकेट के बड़े अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा. ढाका में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाक टीम 30.4 ओवरों में महज 114 रनों पर ही ढेर हो गई थी, जो कि उसका बांग्लादेश के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में सबसे कम स्कोर है. इस स्कोर से पहले पाकिस्तान का बांग्लादेश के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में सबसे छोटा स्कोर 161 रनों का था, जो ग्रीन टीम ने वर्ल्ड कप 1999 में बनाए थे. मगर पिछले मुकाबले में 114 रनों पर ऑल आउट होते हुए उस अनचाहे रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है.
मौजूदा टीम पर भड़के बासित अली
बांग्लादेश दौरे पर पाकिस्तान के इस खस्ता हालात को देखते हुए पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज बासित अली काफी नाराज हैं. उन्होंने 'द गेमप्लान' शो में बातचीत करते हुए खिलाड़ियों के साथ-साथ चयनकर्ताओं और हेड कोच की भी जमकर आलोचना की है. उन्होंने कार्यक्रम में कहा, 'सबसे पहले उस आदमी को गोली मारो, जिसने उन्हें पावरप्ले के दस ओवरों में कम से कम 60 रन बनाने को कहा था. मैदान में उन्होंने कभी क्रिकेट नहीं खेला. बस एक कागज का टुकड़ा थमा देते हैं. क्या उन्होंने यहां की परिस्थितियां नहीं देखीं थी? क्या उन्हें नहीं पता था कि भारत जैसी टीम भी बांग्लादेश में हार चुकी है?'
कामरान अकमल ने भी लताड़ा
पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने भी मौजूदा खिलाड़ियों की आलोचना की है. उन्होंने कहा, 'ऐसा लग रहा था जैसे एक टीम इंटरनेशनल हो और दूसरी कोई क्लब टीम जो वर्ल्ड कप से पहले अभ्यास मैच खेल रही हो. मैंने बासित भाई को फोन किया और कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा है हम किस तरह का क्रिकेट खेल रहे हैं. कसम से क्लब क्रिकेट में भी ऐसी बल्लेबाजी नहीं होती है. क्लब क्रिकेटर इतना खराब नहीं खेलते हैं.'
यह भी पढ़ें- घनघोर बेइज्जती! जिसे T20I का कप्तान बनाने की सोच रही है पाकिस्तान, उसे द हंड्रेड की नीलामी में नहीं मिला कोई खरीददार