Australia vs Bangladesh: पहले टेस्ट में मेहमान बांग्लादेश के हाथों अपनी ही जमीं पर 9 विकेट से स्तब्धकारी हार झेलने वाले ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. प्रबंधन ने ओपनर जेक वेदरअल्ड को 13 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है, और उनके स्थान पर बाएं हाथ के बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है.
रेनशॉ की टेस्ट टीम में वापसी
यदि रेनशॉ का चयन होता है, तो यह तीन साल से अधिक समय में ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका पहला टेस्ट मैच होगा. 30 वर्षीय रेनशॉ ने अपना आखिरी टेस्ट 2023 में भारत के खिलाफ दिल्ली में खेला था. जब वे नियमित ओपनर डेविड वॉर्नर के कन्कशन सब्स्टीट्यूट (चोटिल खिलाड़ी के विकल्प) के रूप में मैदान में उतरे थे.
तभी से रेनशॉ वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम के संघर्ष के बाद अब वे टेस्ट टीम में वापस लौटे हैं. ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में महज 198 रनों पर ढेर हो गया था, जबकि वेदरअल्ड मैच में केवल 23 और शून्य (0) रन ही बना सके.
लाबुशेन पर दबाव
वहीं, नियमित नंबर 3 बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है. हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने स्वीकार किया कि इस बल्लेबाज को टीम में अपनी जगह सुरक्षित रखने के लिए अधिक रन बनाने की जरूरत है. लाबुशेन के बारे में मैकडॉनल्ड ने कहा, 'मुझे लगता है कि दूसरी पारी में उन्होंने 31 रन बनाए थे, और जिस समय तक वे आउट हुए, आप देखकर यही कहते कि वे अच्छी लय में लग रहे थे.'
कोच ने कहा, 'वे अच्छी तरह से मूवमेंट कर रहे थे, पैड से गेंद को फ्लिक कर रहे थे और मैदान पर गेंद को नीचे खेलकर पीछे जा रहे थे. इसलिए मेरे लिए यहां बैठकर उनका बचाव करना आसान है, लेकिन अंततः यह सिर्फ 31 रन ही हैं. यह कोई बड़ा स्कोर नहीं है. उनके रनों में कमी रही है. वे इसे महसूस करते हैं. हम भी इसे महसूस करते हैं. एक कोचिंग समूह के रूप में हम बेहद कड़ी मेहनत कर रहे हैं.'
इंग्लिस और बोलैंड ने बनाई रखी जगह
बैक-अप विकेटकीपर-बल्लेबाज जोश इंग्लिस और रिजर्व गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने भी टीम में अपनी जगह बनाए रखी है. शनिवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए दोनों खिलाड़ी अंतिम एकादश की दौड़ में शामिल हो सकते हैं. बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है:
1. पैट कमिंस (कप्तान) 2. स्कॉट बोलैंड 3. एलेक्स कैरी 4. कैमरन ग्रीन 5. जोश हेज़लवुड 6. ट्रैविस हेड 7. जोश इंग्लिस 8. मार्नस लाबुशेन 9. नाथन लियोन 10. मैथ्यू रेनशॉ 11. स्टीव स्मिथ 12. मिचेल स्टार्क 13. ब्यू वेबस्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं