- एशिया कप 2025 का उद्घाटन मैच अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच आबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला जाएगा
- अफगानिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ अब तक छह टी20 मैचों में चार जीत हासिल की हैं और उनका पलड़ा भारी है
- शेख जायद स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल है और तेज गेंदबाजों के साथ स्पिनरों को भी सफलता मिलती है
Afghanistan vs Hong Kong: एशिया कप 2025 की शुरुआत आज से होने जा रही है. टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच आबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच खेला जाएगा. दोनों देशों के बीच साल 2014 से अब तक छह टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें अफगानिस्तान का पलड़ा भारी रहा. अफगानिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ छह में से चार मुकाबले जीते हैं। वहीं, हांगकांग ने दो मैच अपने नाम किए. साल 2012 के वर्ल्ड कप टी20 क्वालीफायर में अफगानिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ नौ विकेट से जीत दर्ज की थी. (Afghanistan Vs Hong Kong Asia Cup Live Streaming And Telecast)
इसके बाद मार्च 2014 में टीम ने सात विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। जुलाई 2015 में हांगकांग ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली जीत दर्ज की. नवंबर 2015 में एक बार फिर हांगकांग ने टी20 मैच जीतते हुए रिकॉर्ड 2-2 से बराबरी पर ला दिया। साल 2016 में अफगानिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ दो मैच खेले, जिसमें जीत दर्ज करते हुए अपना दबदबा फिर से कायम कर लिया.
शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाजों को जमकर रन बनाने के मौके मिलेंगे. इस मैदान पर तेज गेंदबाज जितने सफल होते हैं, उतनी ही सफलता स्पिनर्स को भी मिलती है.
इस मुकाबले में अफगानिस्तान को इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल से बल्लेबाजी में खासा उम्मीदें होंगी। वहीं, राशिद खान और नवीन-उल-हक गेंदबाजी में अपना जलवा दिखा सकते हैं.
अंशुमन रथ और जीशान अली हांगकांग को बल्लेबाजी में अहम योगदान दे सकते हैं, जबकि यासिम मुर्तजा और आयुष शुक्ला विपक्षी टीम को अपनी गेंदबाजी से परेशान करते नजर आ सकते हैं.
नूर अहमद (अफगानिस्तान)
अफगानिस्तान के लिए बाएं हाथ के युवा कलाई के स्पिनर नूर अहमद पर सबकी नजर रहेगी. वहीं, राशिद खान अफगानिस्तान के लिए सबसे बड़े गेम चेंजर हैं .जबकि हांगकांग के लिए अनुभवी सलामी बल्लेबाज अंशुमान रथ पर दारोमदार होगा. नूर आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद एशिया कप में उतरेंगे, जहां उन्होंने 14 मैचों में बेहद कम इकॉनमी रेट से 24 विकेट लेकर दूसरे सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने थे. पूरे सीज़न में सिर्फ़ भारत के प्रसिद्ध कृष्णा (25 विकेट) ही उनसे ज़्यादा विकेट ले पाए थे.
नूर ने इस महीने की शुरुआत में यूएई ट्राई-सीरीज़ टी20 में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी, जहां उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ़ 5 रन प्रति ओवर की इकॉनमी से 5 विकेट लेकर अफ़ग़ानिस्तान को फ़ाइनल तक पहुंचाया, फाइनल में हालांकि उनकी टीम को हार का सामना करने पड़ा था. अब नूर अपने फॉर्म को एशिया कप में भी जारी रखना चाहेंगे.
अंशुमान रथ (हांगकांग)
हांगकांग के लिए अफगानिस्तान के साथ खेलना बड़ी चुनौती होगी. हांगकांग की उम्मीदें उनके बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अंशुमान रथ पर टिकी हैं. अंशुमान रथ टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम के तीसरे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 68 मैचों में 121.76 के स्ट्राइक रेट से 1,824 रन बनाए हैं और 2025 में शानदार फॉर्म में हैं.
इस साल रथ ने सिर्फ़ 16 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 5 अर्धशतक और एक शतक लगाया है, और उनका औसत 50 से कुछ कम है. ये आंकड़े उनकी निरंतरता और मैच जिताने की क्षमता, दोनों को दर्शाती है. उनकी सबसे बेहतरीन पारी सिंगापुर के खिलाफ आई थी, जब उन्होंने एकतरफ़ा मुकाबले में 59 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए थे. इस साल रथ ने जिन छह मैचों में पचास का आंकड़ा पार किया है, उनमें से 5 में हांगकांग ने जीत हासिल की है.
इसके अलावा साथी सलामी बल्लेबाज़ ज़ीशान अली के साथ, रथ ने हांगकांग को टॉप क्रम में विश्वसनीय शुरुआत दी है, लेकिन अबू धाबी में अफ़ग़ानिस्तान के चौतरफा स्पिन आक्रमण का सामना करना उनकी अब तक की सबसे कड़ी परीक्षा होगी. हांगकांग को उलटफेर करने के लिए, रथ को एक और ज़बरदस्त पारी खेलनी होगी.
हांगकांग की टीम: जीशान अली (विकेटकीपर), बाबर हयात, निजाकत खान, अंशुमन रथ, मार्टिन कोएट्जी, यासिम मुर्तजा (कप्तान), एजाज खान, नसरुल्ला राणा, एहसान खान, अली हसन, अतीक इकबाल, कल्हण चल्लू, आयुष शुक्ला, किंचित शाह, मोहम्मद वाहिद, शाहिद वासिफ और मोहम्मद गजनफर
अफगानिस्तान की टीम: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, इब्राहिम जादरान, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, करीम जनत, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, एएम गजनफर, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद मलिक, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान, मोहम्मद इशाक, शराफुद्दीन अशरफ और गुलबदीन नायब
कितने बजे शुरू होगा मैच, किस चैनल पर देंखे लाइव टेलीकास्ट (Afghanistan vs Hong Kong in Asia Cup)
Afghanistan vs Hong Kong एशिया कप 2025 का पहला मैच भारत के समय के अनुसार रात 8 बजे से शुरू होगा. 7:30 PM में टॉस होगा. दोनों टीमों के बीच मैच का लाइव टेलीकास्ट टीवी पर सोनी नेटवर्क पर देख सकते हैं. वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग SONY LIV ऐप पर होगा. (Afghanistan vs Hong Kong Live Streaming, Asia Cup 2025)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं