Angkrish Raghuvanshi Obstructing the field Angry Reaction: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फ़ील्ड' आउट दिए जाने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने आपा खो दिया. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को थर्ड अंपायर के फैसले पर भरोसा ही नहीं हुआ. पहले वो मैदानी अंपायर से बहस करते दिखे. इसके बाद पवेलियन लौटने के दौरान, जब वो बाउंड्री लाइन के पास पहुंचे तो उन्होंने ना सिर्फ अपना हेलमेट फेंक दिया बल्कि गुस्से में बाउंड्री कुशन पर अपना बैट मारा. इसी दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच अभिषेक नायर चौथे अंपायर के साथ बहस करते दिखे.
दरअसल, यह घटना कोलकाता की पारी के 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर घटी. प्रिंस यादव की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला और रन लेने के लिए तेजी से दौड़े. हालांकि, दूसरे छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने उन्हें वापस भेज दिया. क्रीज के अंदर पहुंचने के लिए अंगकृष ने डाइव लगाई. अंगकृष ने जिस समय अपना विकेट बचाने के लिए डाइव लगाई उसी वक्त गेंद उन्हें लगी. अंगकृष जब मुड़े थे, तब गेंद फील्डर मोहम्मद शमी के हाथों में थी. इस समय अंगकृष की नजरें फील्डर की तरफ थी. शमी ने इसके बाद थ्रो किया, जो अंगकृष को लगा.
Angkrish Raghuvanshi is clearly unhappy with Rishabh Pant's appeal.
— AdityaVarma (@AdityaVarma45_) April 26, 2026
> Look at Raghuvanshi's reaction
> That bat throw says it all
> Even Abhishek Nayar looks furious
Very questionable call by the umpire, looked clearly not out. 😬🔥 pic.twitter.com/ygr5iBiTcV
अंगकृष के गेंद लगते ही लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत और टीम के बाकी खिलाड़ियों ने अंपायर के सामने अपील कर दी. इसके बाद अंगकृष को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के कारण अंपायर ने आउट करार दे दिया. अंगकृष और कोलकाता का पूरा खेमा अंपायर के फैसले से नाखुश नजर आया. अंगकृष ने पवेलियन लौटने से पहले मैदानी अंपायर को समझाने का प्रयास किया कि वह घुमे थे, लेकिन इसका कोई असर नहीं होता, क्योंकि थर्ड अंपायर अपना फैसला ले चुके थे.
कोलकाता के हेड कोच अभिषेक नायर भी अंपायर से काफी देर तक बातचीत करते हुए नजर आए और उनके चेहरे पर गुस्सा साफतौर पर झलक रहा था. हालांकि, अंगकृष से पहले आईपीएल में अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, युसूफ पठान को भी 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड'की वजह से आउट दिया जा चुका है. अंगकृष 8 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे. कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 155 रन लगाए. टीम की ओर से रिंकू सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 83 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में रिंकू ने 7 चौके और 5 छक्के लगाए. वहीं, कैमरून ग्रीन ने 21 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया.
यह भी पढ़ें: LSG vs KKR IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी आउट या नॉट आउट? अंपायर ने दिया ऑब्स्ट्रक्टिंग द फ़ील्ड, फैसले से मचा बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं