विज्ञापन

KKR vs LSG: 11 साल की उम्र में घर छोड़ा, जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप, अब IPL में धमाल मचा रहा ये युवा 'धुरंधर'

Who is Angkrish Raghuvanshi IPL 2026: इस खिलाड़ी को सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्हें ICC अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2022 की भारतीय टीम में जगह मिली.

KKR vs LSG: 11 साल की उम्र में घर छोड़ा, जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप, अब IPL में धमाल मचा रहा ये युवा 'धुरंधर'
Who is Angkrish Raghuvanshi IPL 2026:

Who is Angkrish Raghuvanshi IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी इन दिनों आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स के इस युवा बल्लेबाज़ ने सीजन की शुरुआती पारियों में ही अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है. अब तक खेले गए 4 मैचों में वह 155 रन बना चुके हैं और टीम के लिए अहम खिलाड़ी बनकर उभरे हैं. लंबे कद और आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए पहचाने जाने वाले अंगकृष ने अपने पहले दो मुकाबलों में लगातार अर्धशतक जड़े. मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध 29 गेंदों पर 52 रन की तेज़ पारी खेली. इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ वह 7 रन बनाकर नाबाद लौटे और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 33 गेंदों में 45 रन की उपयोगी पारी खेली.

दिल्ली में 5 जून 2004 को जन्मे अंगकृष का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है. महज़ 11 साल की उम्र में उन्होंने अपने क्रिकेट सपने को पूरा करने के लिए घर छोड़ दिया और मुंबई का रुख किया. यहां उन्होंने कोच अभिषेक नायर और ओंकार साल्वी के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ली, जिसने उनके खेल को निखारने में अहम भूमिका निभाई.

सिर्फ 16 साल की उम्र में उन्हें ICC अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2022 की भारतीय टीम में जगह मिली. इस टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 मैचों में 278 रन बनाए और टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे. उनकी 144 रन की पारी खास रही और भारत ने खिताब भी अपने नाम किया.

घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर अंगकृष को जल्द ही बड़े मंच पर मौका मिला. उन्होंने 2023 में लिस्ट-ए और 2024 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया. इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें आईपीएल 2024 से पहले 20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया.

आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया. शुरुआती सीजन में उन्होंने सीमित मौके में प्रभाव छोड़ा, जबकि अगले सीजन में 300 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की. अब 2026 सीजन में लगातार अर्धशतक लगाकर उन्होंने दिखा दिया है कि वह भविष्य के बड़े स्टार बनने की राह पर हैं.

अगर उनके आंकड़ों पर नजर डालें, तो फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 4 मैचों में 191 रन, लिस्ट-ए में 18 मैचों में 535 रन और आईपीएल में 26 मुकाबलों में 618 रन बना चुके हैं. उनकी बल्लेबाज़ी में निरंतरता और आत्मविश्वास साफ दिखाई देता है, जो उन्हें भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बनाता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com