भारत ने हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. भारतीय टीम को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने अभिषेक शर्मा के विस्फोटक शतक की बदौलत महज 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. हालांकि, इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा अभिषेक शर्मा का नया विश्व रिकॉर्ड रहा. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 से अधिक स्ट्राइक रेट के साथ 50 या उससे ज्यादा रन बनाने का कारनामा 14वीं बार किया.
इसी के साथ उन्होंने सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम ऐसे 13 स्कोर दर्ज हैं. फुल मेंबर टीमों के बल्लेबाजों में अब यह रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम हो गया है.
T20I में 200+ स्ट्राइक रेट से 50+ स्कोर (फुल मेंबर टीमें)
अभिषेक शर्मा - 14*
सूर्यकुमार यादव - 13
भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा उतरे. दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला बोला और पावर प्ले में नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया.
वैभव और अभिषेक ने छह ओवर के पावर प्ले में 118 रन जोड़े. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पावर प्ले का यह सर्वाधिक स्कोर है. इन 118 रनों में वैभव ने 17 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 44 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने 20 गेंदों पर 7 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 67 रन का योगदान दिया. भारत को पहला झटका 133 के स्कोर पर लगा. वैभव सूर्यवंशी 19 गेंदों पर 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे.
अभिषेक शर्मा ने इसके बाद अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा शतक पूरा किया. उन्होंने 38 गेंदों पर 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 113 रन की तूफानी पारी खेली. अभिषेक 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर 178 के स्कोर पर आउट हुए. उनके बाद श्रेयस अय्यर 5 और संजू सैमसन 18 रन बनाकर आउट हुए. भारत ने 13.2 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया. नमन धीर 4 और तिलक वर्मा 1 रन बनाकर नाबाद लौटे.
इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे. सलामी बल्लेबाज एलन ने 25 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली, जबकि फिलिप्स ने 17 रन बनाए. इसके बाद मिचेल और जैकब्स ने 48 गेंदों पर 75 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. मिचेल ने 52 गेंदों पर 5 चौकों और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 89 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 23 गेंदों पर 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाकर न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 198 रन तक पहुंचाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं