विज्ञापन

नंबर-1 अभिषेक शर्मा, विराट कोहली दूसरे नंबर पर ... एक महीने में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले टॉप-5 भारतीय

अभिषेक शर्मा के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 में इतिहास रचने का मौका है. वह एक कैलेंडर महीने में 400 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं.

नंबर-1 अभिषेक शर्मा, विराट कोहली दूसरे नंबर पर ... एक महीने में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले टॉप-5 भारतीय
भारत के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा

भारत के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा इन दिनों टी20 क्रिकेट में शानदार लय में नजर आ रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों पर 113 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को 6 विकेट से जीत दिलाई थी. इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त भी बना ली. अब दोनों टीमों के बीच चौथा टी20 मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा. इस मैच में अभिषेक शर्मा के पास एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने का मौका है, जो अब तक कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं बना सका है.

अभिषेक शर्मा के लिए अक्टूबर 2026 यादगार महीना साबित हुआ है. उन्होंने इस महीने अब तक 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 382 रन बनाए हैं. अगर वह चौथे टी20 में 18 रन और बना लेते हैं तो एक कैलेंडर महीने में 400 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे.

अभिषेक ने तीसरे टी20 में शतक लगाने के साथ ही विराट कोहली का पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया था. कोहली ने मार्च 2016 में एक कैलेंडर महीने में 370 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए थे. अब भारतीय सलामी बल्लेबाज की नजर 400 रन के आंकड़े पर है.

एक कैलेंडर महीने में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

रन    बल्लेबाज    महीना382    अभिषेक शर्मा    अक्टूबर 2026
370    विराट कोहली    मार्च 2016
319    रोहित शर्मा    नवंबर 2021
314    अभिषेक शर्मा    सितंबर 2025
298    श्रेयस अय्यर    जुलाई 2026

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को ऑकलैंड के ईडन पार्क मैदान पर खेला जाएगा. इस मैदान पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है.

ऑकलैंड के ईडन पार्क में भारत ने अब तक तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है. भारतीय टीम ने इस मैदान पर अपना पहला मुकाबला 2019 में खेला था, जिसमें न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था. इसके बाद 2020 के दौरे पर भारत ने यहां दो और मैच खेले और दोनों अपने नाम किए. एक मुकाबले में 6 विकेट और दूसरे में 7 विकेट से जीत दर्ज की थी.

न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, ऑकलैंड में होने वाले चौथे टी20 मुकाबले के लिए सभी 40 हजार टिकट बिक चुके हैं. ऐसे में ईडन पार्क खचाखच भरा नजर आएगा, जबकि सीरीज में भारतीय टीम पहले ही 3-0 की बढ़त बना चुकी है.

अगर अभिषेक शर्मा का बल्ला एक बार फिर चलता है तो वह सिर्फ 400 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा ही नहीं छूएंगे, बल्कि एक कैलेंडर महीने में सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज के रूप में अपनी बढ़त भी और मजबूत कर लेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Abhishek Sharma, New Zealand Vs India 2026/27, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com