PBKS vs SRH IPL 2026, Abhishek Sharma Record: सनराइजर्स हैदराबाद की सलामी जोड़ी- अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने एक बार फिर तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी. दोनों खब्बू बल्लेबाजों ने पंजाब के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और शुरुआती 6 ओवरों के अंदर ही बड़ा अंतर पैदा करते हुए 105 रन बना दिए. शुरुआती दो ओवरों में 20 रन बटोरने के बाद इन दोनों से इस तरह से गियर बदला की अगले चार ओवरों में 85 रन बटोरे. इस दौरान अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया. पावरप्ले खत्म होने पर अभिषेक ने 22 गेंदों में 66 रन बना लिए थे, जबकि ट्रेविस हेड ने 15 में 31. अभिषेक के बल्ले से इस दौरान 5 चौके और 7 छक्के आए थे. पंजाब किंग्स के गेंदबाजों और कप्तान श्रेयस अय्यर को समझ ही नहीं आ रहा था कि इस जोड़ी को कैसे रोका जाए. जो आता, मार खाता. वहीं पावरप्ले में सात छक्के लगाकर अभिषेक शर्मा ने एक खार रिकॉर्ड भी अपने नाम किया.
पावरप्ले में 7 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय
अभिषेक शर्मा ने अर्शदीप के दूसरे ओवर में दो छक्के जड़े. इसके बाद विजयकुमार के पहले ओवर में चार छक्के, और फिर जेवियर बार्टले को एक छक्का लगाया. अभिषेक आईपीएल इतिहास में ऐसे पहले भारतीय है, जिन्होंने पावरप्ले के अंदर 7 छक्के जड़े, जबकि चौथे ओवरऑल बल्लेबाज हैं.
इंडियन प्रीमियर लीग के पहले ही सीजन में सनथ जयसूर्या ने मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ यह कारनामा किया था. इसके 10 साल बाद जोस बटलर ने दिल्ली के खिलाफ यह किया है. तीसरी दफ जोनी बेयरस्टो ने यह 2022 में किया था और अब अभिषेक ने खास मुकाम हासिल किया है.
8, छक्के, 5 चौके...264 का स्ट्राइक रेट
अभिषेक शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 28 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के जड़े. अभिषेक का स्ट्राइक रेट 264.29 का रहा. आखिर में अभिषेक को शशांक ने अपने जाल में फंसाया. अभिषेक के लिए मौजूदा सीजन अभी तक उतना अच्छा नहीं रहा था, ऐसे में आज की पारी उनके आत्मविश्वास को जरूर बढ़ाएगी.
यह भी पढ़ें: KL Rahul: आईपीएल में 'हिट', लगातार कर रहा दमदार प्रदर्शन, लेकिन भारतीय टीम में नहीं मिल रही जगह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं