क्रिकेट में जब कोई बल्लेबाज लगातार छक्के जड़ता है, तो स्टेडियम का माहौल बदल जाता है. तिलक वर्मा ने बीती रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ 7 छक्के जमा कर वही कारनामा किया लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले प्रियांश आर्या ने ऐसा ही तूफान खड़ा किया जिसने उन्हें इस टूर्नामेंट का टेबल टॉपर बना दिया. इस पारी के बल पर प्रियांश IPL 2026 के दौरान एक पारी में सर्वाधिक छक्के जमाने वाले क्रिकेटर बन गए. लखनऊ के खिलाफ 37 गेंदों पर 93 रनों की पारी खेली और इस दौरान 6 6 6 6 6 6 6 6 6 यानी 9 छक्के जमाए. एक पारी में 9 छक्के जमाना कितना अहम है ये इससे ही समझ आ सकता है कि IPL 2026 में अब तक खेले गए 29 मैचों के दौरान केवल प्रियांश आर्या और मुंबई इंडियंस के लिए शेरफेन रदरफोर्ड ही ऐसा कर सके हैं.
एक साल पहले ही प्रियांश आईपीएल 2025 में पहली बार बल्ला लेकर उतरे थे. पहले ही मैच में 47 रनों की पारी खेली. चौथे मैच में 9 छक्के के साथ पहला शतक जमाया. रविवार को प्रियांश शतक से केवल सात रनों से चूक गए. लेकिन छक्के उतने ही जड़े जितने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 42 गेंदों की उस पारी में जमाए थे. पर हैरानी यह है कि 9 गगनचुंबी छक्के जमाकर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचने वाले प्रियांश इतनी विस्फोटक पारी खेलने के बावजूद सिक्सर किंग के उस खास क्लब में अपनी जगह नहीं बना सके, जहां बड़े-बड़े नाम मौजूद हैं.

छक्कों की बारिश, लेकिन रिकॉर्ड अभी दूर
प्रियांश ने भले ही एक यादगार पारी खेली, अपने पुराने रिकॉर्ड की बराबरी भी की, पर यह वैसी ऐतिहासिक पारी नहीं बन सकी कि टॉप-10 सिक्सर किंग क्लब में शामिल हो सकें क्योंकि आंकड़ों की दुनिया थोड़ी और सख्त हो चली है. एक पारी में सबसे अधिक छक्के जमाने वाले क्रिकेटरों के इस क्लब के सरदार क्रिस गेल के महारिकॉर्ड से तो वो अभी मीलों दूर हैं.
सिक्सर किंग क्लब में जगह बनाना इतना मुश्किल क्यों?
इस खास क्लब में वही खिलाड़ी पहुंचते हैं, जिन्होंने एक पारी में छक्कों की ऐसी बारिश की हो, जो इतिहास में दर्ज हो जाए. सबसे अधिक आश्चर्य की बात तो यह है कि इस क्लब के टॉप-10 में उन क्रिकेटरों को भी जगह नहीं मिली, जिन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 दमदार छक्के जमाए थे. हालांकि पिछले साल तक की शुरुआत में 10 छक्के जमाने वाले इस क्लब में शामिल थे.

Photo Credit: BCCI
16 दिन अभिषेक इस लिस्ट में थे, पर वैभव ने उन्हें बाहर कर दिया
उसी दौरान अभिषेक शर्मा ने 12 अप्रैल को हैदराबाद के खिलाफ 141 रनों की अपनी 55 गेंदों की तूफानी पारी के दौरान 10 छक्के जमाए थे. क्विंटन डी कॉक को पीछे छोड़ते हुए अभिषेक इस क्लब में पहुंचे जरूर, लेकिन केवल 16 दिन बाद ही वैभव सूर्यवंशी ने उन्हें इस क्लब से बाहर कर दिया. तब वैभव राजस्थान के खिलाफ अपनी तूफानी शतकीय पारी के दौरान 11 छक्के जमाते हुए सरदार गेल के इस क्लब शामिल हुए थे. इस क्लब में वैभव के अलावा केवल मुरली विजय दूसरे भारतीय क्रिकेटर हैं. विजय ने 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 127 रनों की पारी में 11 छक्के जमाए थे, तब मुरली इस क्लब में ब्रेंडन मैकुलम के बाद दूसरे पायदान पर थे.

कौन है IPL के सिक्सर किंग क्लब का बादशाह?
इस सिक्सर किंग क्लब के पहले सरदार यानी टेबल टॉपर ब्रेंडन मैकुलम ही थे. जिन्होंने पहले आईपीएल टूर्नामेंट के पहले ही मैच में 158* रनों की अपनी बेमिसाल पारी के दौरान 13 छक्के जमा कर सबसे अधिक छक्के बरसाने वाले क्रिकेटर बने थे. पांच साल तक इस क्लब के सरदार मैकुलम ही थे. 2012 में क्रिस गेल ने 13 छक्कों की बराबरी तो की पर इस रिकॉर्ड को तोड़ नहीं सके. लेकिन 2013 में IPL ने छक्कों के उस बवंडर को देखा जो आज तक दोबारा नहीं देखने को मिला. पुणे वारियर्स के खिलाफ बेंगलुरू की टीम थी और क्रिस गेल पिच पर आते ही छक्कों की बरसात कर दी. मैच के अंत तक एक छोर पर टिके रहे. 66 गेंदों का सामना किया और 175* रनों की पारी में गगनचुंबी 17 छक्के जमा डाले.

सिक्सर किंग का टॉप-10 क्लब
आज 13 साल बाद भी गेल इस क्लब के सरदार हैं और दूर-दूर तक कोई और उनके करीब भी नहीं पहुंच सका है. खुद गेल ने 2015 में एक मैच में 12 छक्के तो 2018 में 11 छक्के जमाए. टॉप-10 प्रदर्शन में चार तो गेल के नाम ही दर्ज है. मैकुलम, मुरली विजय और वैभव भी हैं. इस क्लब के अन्य तीन क्रिकेटर एबी डिविलियर्स (12 छक्के), सनथ जयसूर्या (11 छक्के) और आंद्रे रसेल (11 छक्के) हैं.
हालांकि सिक्सर किंग के टॉप-10 क्लब में एंट्री अब पहले से अधिक मुश्किल हो चला है. वैभव सूर्ववंशी और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे उदयीमान युवा क्रिकेटर अपनी पारी बहुत तेज खेलते हैं. वैभव के इस क्लब में और ऊपर चढ़ने का मौका है तो ब्रेविस, प्रियांश जैसे क्रिकेटरों के सामने इस क्लब में एंट्री और बादशाह क्रिस गेल के रिकॉर्ड को चुनौती देने की कूबत है. खुद प्रियांश भी इसी कतार में आने वाले क्रिकेटरों में शुमार हैं.

क्रिकेट बिरादरी प्रियांश के स्ट्रोकप्ले से हैरान
प्रियांश आर्या की उनके पूर्व साथी खिलाड़ियों और टीम मैनेजमेंट ने खूब तारीफ की है. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मॉर्गन ने कहा कि उनकी ये पारी उनके स्पष्ट और आत्मविश्वास से भरे माइंडसेट को दिखाती है. तो पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि प्रियांश आर्या के स्ट्रोकप्ले हैरान कर देने वाले रहे, खासकर तेज गेंदबाजों को बैकफुट पर जाकर मारने की उनकी काबलियत काबिले तारीफ है. वहीं साथी खिलाड़ी कूपर कॉनली ने कहा कि पिच के दूसरे छोर से प्रियांश आर्या की पारी देखना बेहद रोमांचक है. वहीं पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायुडू ने प्रियांश आर्या का एक अविश्वसनीय टैलेंट बताया.
प्रियांश के 9 छक्कों की इस पारी ने रोमांच जरूर पैदा किया, लेकिन रिकॉर्ड बुक में जगह बनाने के लिए यह नाकाफी थी. बेशक छक्कों की यह झड़ी एक ट्रेलर थी, अगर उनका यही अंदाज आगे भी जारी रहा, तो अगली बार शायद कहानी अलग हो, जहां प्रियांश सिर्फ धूम नहीं मचाएंगे, बल्कि इतिहास भी रचेंगे.
ये भी पढ़ें: IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं