विज्ञापन

'पीएम मोदी आतंकवादी...', मचा बवाल तो सफाई देने लगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, हमलावर हुई बीजेपी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर “आतंकी” शब्द का इस्तेमाल किया, अब इस टिप्पणी पर उन्होंने अपनी सफाई पेश की है.

'पीएम मोदी आतंकवादी...', मचा बवाल तो सफाई देने लगे कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, हमलावर हुई बीजेपी
कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी पर बीजेपी हमलावर
  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर “आतंकी” शब्द का इस्तेमाल किया था
  • इस मामले को तूल पकड़ता दिख कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी टिप्पणी पर सफाई पेश की है
  • बीजेपी ने खरगे की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस को “अर्बन नक्सल पार्टी” करार दिया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर “आतंकी” शब्द का इस्तेमाल किया था. मामले को तूल पकड़ता देख खरगे ने अपनी इस टिप्पणी पर सफाई पेश की है. जब एक पत्रकार ने उनसे इस टिप्पणी का संदर्भ पूछा, तो खरगे ने स्पष्ट किया कि उनका मतलब ये था कि प्रधानमंत्री मोदी “लोगों और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी प्रधानमंत्री को सीधे तौर पर आतंकवादी नहीं कहा. हालांकि खरगे की इस टिप्पणी पर बीजेपी की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई और पार्टी ने कांग्रेस को “अर्बन नक्सल पार्टी” करार दिया.

खरगे बीजेपी पर साध रहे थे निशाना

दरअसल, मल्लिकार्जुन खरगे तमिलनाडु विधानसभा चुनावों को लेकर AIADMK के बीजेपी के साथ गठबंधन को लेकर सवाल उठा रहे थे, इसी दौरान उन्होंने यह बयान दिया. खरगे ने कहा कि AIADMK, जो अन्नादुरै की तस्वीर लगाती है, वह कैसे पीएम मोदी के साथ जा सकती है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करते और ऐसा गठबंधन लोकतंत्र के साथ‑साथ अन्नादुरै, कामराज, पेरियार, कलैगनार और डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के विचारों को कमजोर करता है.

ये भी पढ़ें : बनारस को मिलेगा सबसे चौड़ा डबल डेकर 'सिग्नेचर ब्रिज'! पीएम मोदी के आने से पहले सीएम योगी कल पहुंचेंगे काशी

खरगे अपने जवाब में क्या कुछ बोले

इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरगे से पूछा गया, "क्या आप कृपया इस बयान को एक संदर्भ में समझा सकते हैं?" "नहीं, नहीं में जवाब देते हुए उन्होंने सफाई देना शुरू किया. तब खरगे ने कहा कि वह (PM मोदी) लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा-धमका रहे हैं. असल मैंने कभी यह नहीं कहा कि वह एक आतंकवादी हैं... मेरा मतलब, जिसे मैं साफ करना चाहता हूं, यह है कि मोदी हमेशा धमकाते हैं. ED, I-T और CBI जैसी संस्थाएं उनके हाथों में हैं. वह परिसीमन को भी अपने हाथों में लेना चाहते हैं. इसलिए मेरा मतलब इस बात से था कि वह लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा-धमका रहे हैं. मैंने कभी यह नहीं कहा कि वह एक आतंकवादी हैं." 

खरगे पर बीजेपी का पलटवार

खरगे की इस सफाई के बाद भी बीजेपी संतुष्ट नहीं दिखी. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि कांग्रेस एक “अर्बन नक्सल पार्टी” है और इसी वजह से खरगे प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है और जहरीले बयानों का लगातार इस्तेमाल, जिनमें मौत की धमकियां भी शामिल हैं, यह साफ करता है कि कांग्रेस पार्टी का “रिमोट कंट्रोल” राष्ट्र-विरोधी ताकतों के हाथ में है.

बेहद शर्मनाक और अत्यंत आपत्तिजनक. माननीय पीएम मोदी के विरुद्ध ऐसी टिप्पणियां केवल व्यक्तिगत हमले ही नहीं हैं, बल्कि यह भारत की उस जनता का भी अपमान है जिसने उन्हें चुना है. कांग्रेस और DMK को इसके लिए माफ़ी मांगनी चाहिए. लोकतंत्र में इस तरह की राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है।.

संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू

ये भी पढ़ें : कांग्रेस-सपा अलोकतांत्रिक और महिला विरोधी... CM योगी की अगुवाई में लखनऊ में महिलाओं का प्रदर्शन

इस बयान को प्रधानमंत्री का अपमान बताते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस से माफी की मांग की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स' पर लिखा कि उन्हें शर्म महसूस होती है कि कांग्रेस और डीएमके इस स्तर तक गिर गए हैं कि भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह रहे हैं. उन्होंने राहुल गांधी और एमके स्टालिन से प्रधानमंत्री और भारत की जनता से माफी मांगने की मांग की. गोयल ने यह भी कहा कि कांग्रेस और डीएमके ने इस बयान से 140 करोड़ भारतीयों, जिनमें 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं, उनका अपमान किया है और ऐसे व्यक्तिगत हमले उनकी चुनावी हार को नहीं बदल सकते.

संबित पात्रा ने बताया कांग्रेस का षडयंत्र

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि  कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा पीएम मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग बेहद निंदनीय है. यह कांग्रेस की मानसिकता और सुनियोजित राजनीति को दर्शाता है. राहुल गांधी के इशारों पर लगातार मोदी जी का अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है. राहुल गांधी के इशारे पर ही मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें 'आतंकवादी' कहा. यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो ओसामा बिन लादेन को 'ओसामा जी' कहती है,
यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है. यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है. लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए, जब-जब उसने मोदी जी का अपमान किया है, तब-तब देश की जनता ने उसे करारा जवाब दिया है. इस बार भी भारत की जनता कांग्रेस को उसके अहंकार और अपमानजनक राजनीति का करारा जवाब देगी.

खरगे के बयान पर सिरसा का पलटवार, माफी मांगने को कहा

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे  द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'आतंकी' कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गलत है. यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के किसी नेता ने देश के प्रधानसेवक के प्रति घृणा भरी और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया हो. यह कांग्रेस की पुरानी आदत रही है. लोकतंत्र में विरोध हो सकता है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री के प्रति ऐसी नफरत फैलाना बेहद शर्मनाक है। खड़गे को अपने इस बयान के लिए तुरंत देश से माफी मांगनी चाहिए.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com