औरंगाबाद जिले में मंगलवार (21 अप्रैल) दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं इस घटना में तीन अन्य लोग भी बुरी तरह घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि घटना NH-19 पर हुई, जहां एक कार ट्रक के पीछे जा घुसी. कार में पांच लोग सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. बताया जा रहा है कि जिस युवक की मौत हुई है उसके बुआ की शादी थी और वह शादी के लिए ही सामान खरीदने निकला था.
घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के सढईल और रानीकुआं गांव के बीच NH-19 पर हुई. मृतकों की पहचान सढ़ैल गांव निवासी 22 वर्षीय आतिश उर्फ युवराज सिंह और हर्षित कुमार उर्फ अर्थ के रूप में हुई है. घायलों में गोह थाना क्षेत्र के झरी गांव निवासी दिलीप सिंह के बेटे उत्कर्ष कुमार और उमंग कुमार तथा सढ़ैल गांव के पवन सिंह के बेटे पियूष शामिल हैं. उत्कर्ष और उमंग मृतक हर्षित के फुफेरे भाई हैं. तीनों की हालत गंभीर है और उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
शादी वाले घर में छाया मातम
परिजनों ने बताया कि हर्षित की बुआ की शादी है. सोमवार रात परिवार के लोग गया जिले के बेलवा गांव तिलक चढ़ाकर देर रात लौटे थे. वहीं, मंगलवार दोपहर युवराज, हर्षित, उत्कर्ष, उमंग और पियूष टाटा पंच कार से शिवगंज बाजार सब्जी खरीदने निकले थे. कार युवराज के दोस्त पृथ्वी की बताई जा रही है.
कैसे हुआ हादसा
गांव से करीब 1 किमी आगे NH-19 पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया.
अस्पताल में दो ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने युवराज और हर्षित को मृत घोषित कर दिया. उत्कर्ष, उमंग और पियूष की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस फरार ट्रक और ड्राइवर की तलाश कर रही है. NH-19 के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
हर्षित की बुआ की शादी की तैयारियां चल रही थीं. घर में मेहमानों का आना-जाना था. हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है. सढ़ैल और झरी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है.
यह भी पढ़ेंः बिहार: NH-22 के टोल प्लाजा पर बवाल, फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं