Stock Market Opening Update: भारतीय शेयर बाजार के लिए बुधवार का दिन शानदार रहा. अच्छे ग्लोबल संकेतों और खाड़ी देशों से तनाव कम होने की खबरों के बीच बेंचमार्क इंडेक्स Sensex और Nifty बढ़त के साथ खुले. बाजार खुलते ही सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी 50 ने 200 अंकों की मजबूत बढ़त दर्ज की.
वहीं, सुबह 9:23 बजे बीएसई सेंसेक्स 77,497.32 के स्तर पर (0.62% ऊपर) कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 50 24,191.45 के स्तर पर (0.66% ऊपर) बना हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयानों ने निवेशकों के सेंटिमेंट को मजबूत किया है, जिससे बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी जा रही है.
क्यों आई बाजार में तेजी?
बाजार में इस उछाल की मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में तनाव कम होना है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले जहाजों को रास्ता दिया जाएगा. साथ ही, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने "ऑपरेशन एपिक फ्यूरी" (Operation Epic Fury) के समाप्त होने की घोषणा की है. इन खबरों से सप्लाई चेन बहाल होने की उम्मीद जगी है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है.
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की संभावनाओं के चलते कच्चे तेल के दाम नीचे आए हैं, जिससे भारतीय बाजार को राहत मिली है.एशियाई बाजारों में भी बुधवार को बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है.
इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 27 पैसे मजबूत होकर 95.29 के स्तर पर खुला, जो बाजार के लिए एक पॉजिटिव संकेत है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं