पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य और भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद आज, 15 जुलाई 2026 को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई है. बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) करीब 410 अंक उछलकर 77,464 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty) भी 120 अंकों की बढ़त के साथ 24,172 के पार निकल गया. इस बंपर ओपनिंग से निवेशकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है.
फाइनेंस और ऑटो सेक्टर्स में रौनक, IT में सुस्ती
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो आज सुबह के कारोबार में बाजार की इस तेजी को फाइनेंशियल सर्विसेज और बैंकिंग शेयरों ने लीड किया है. इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी डिफेंस, मैन्युफैक्चरिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी सेक्टर्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में टिके हुए हैं. फाइनेंशियल सर्विसेज में सबसे ज्यादा 1.08% की तेजी दर्ज की गई है.
इसके अलावा ऑटो सेक्टर 0.90% और बैंकिंग सेक्टर 0.83% की बढ़त के साथ बाजार को सहारा दे रहे हैं. हालांकि, इस चौतरफा तेजी के बीच IT सेक्टर में आज सुस्ती देखी जा रही है और निफ्टी IT करीब 1.51% तक टूट चुका है.
इन शेयरों में रही बंपर तेजी
सेंसेक्स पैक के शेयरों की बात करें तो बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व और एसबीआई जैसी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा मुनाफा देखा गया.
वहीं, आईटी दिग्गज टीसीएस (TCS), इन्फोसिस (Infosys), टेक महिंद्रा के साथ-साथ पावर ग्रिड, एनटीपीसी और टाटा स्टील के शेयर आज नुकसान (लूजर्स) में कारोबार कर रहे हैं.
अमेरिकी महंगाई में गिरावट से दुनिया भर के बाजारों में जोश
बाजार के जानकारों के मुताबिक, इस तेजी की सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आए राहत भरे आंकड़े हैं. अमेरिका में जून महीने की खुदरा महंगाई दर घटकर 3.5% पर आ गई है, जो मई में 4.2% के उच्च स्तर पर थी. एनर्जी की कीमतों में आई कमी के कारण महंगाई कम हुई है. साल 2020 के बाद पहली बार अमेरिकी महंगाई में महीने-दर-महीने गिरावट आई है, जिससे अमेरिकी बाजारों में तेजी लौटी.अमेरिकी बाजारों में तेजी का असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा और टोक्यो, हांगकांग, बैंकॉक, सोल व जकार्ता के बाजार मजबूती के साथ खुले.
जापान का निक्केई 225 (Nikkei) 702.50 अंक उछलकर 68,446.00 पर पहुंच गया, वहीं हांगकांग का हैंगसेंग भी 364.27 अंक बढ़कर 24,705.00 पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, चीन का शंघाई कंपोजिट इस ट्रेंड के विपरीत 3.23 अंक की मामूली गिरावट के साथ 3,963.90 पर ट्रेंड कर रहा है.
FIIs और DIIs के आंकड़े
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को बाजार से पैसा निकाला और 739.69 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची. लेकिन इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने बाजार को पूरा सपोर्ट दिया और 2,927.71 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश किया, जिससे बाजार का सेंटिमेंट मजबूत बना रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं