विज्ञापन

Stock Market Crash: अमेरिका-ईरान तनाव से शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 1800 अंक लुढ़का

Stock Market Updates: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर आज भारतीय शेयर बाजार पर साफ नजर आया. कारोबार की शुरुआत में बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली.

Stock Market News Today: अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली और एशियाई बाजारों के मिले-जुले रुख से भारतीय निवेशकों का सेंटिमेंट बिगड़ गया.
(NDTV File Photo)

Stock Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ा है. अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के सीजफायर खत्‍म करने वाले बयान के साथ ही बाजार में कोहराम मच गया. इस दौरान बिकवाली इतनी जोरदार रही कि सेंसेक्स 1800 अंक से भी ज्यादा टूटकर 76,000 के स्तर पर आ गया. दोपहर 2 बजकर 50 मिनट तक के आंकड़ों के अनुसार, सेंसेक्स 1,898.55 अंकों (2.43%) की बड़ी गिरावट के साथ 76,282.17 के स्तर पर आ गया है, जबकि निफ्टी 50 भी 588.85 अंकों (2.41%) के नुकसान के साथ 23,809.85 पर कारोबार करता दिखा. 

बाजार बंद होने के समय 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 1,677.12 अंकों यानी 2.15 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 76,503.60 पर पहुंच गया, तो वहीं NSE निफ्टी 50 516.65 (2.12 प्रतिशत) फिसलकर 23,882.05 पर बंद हुआ.

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और वैश्विक स्तर पर मिल रहे कमजोर संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के चलते निवेशकों में भारी घबराहट देखी जा रही है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ हुई अस्थायी सीजफायर यानी संघर्ष विराम के खत्म होने का ऐलान कर दिया है, जिसके कारण बाजार में आज चौतरफा भारी बिकवाली हो रही है.

BSE Sensex: सभी शेयरों का हाल बुरा

Latest and Breaking News on NDTV

गिरावट के साथ ही खुले थे बाजार 

भारतीय शेयर बाजार आज यानी बुधवार को गिरावट के साथ खुला. मिडिल ईस्ट में अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहे खराब संकेतों के चलते निवेशकों में घबराहट देखी गई, जिसका सीधा असर सेंसेक्स और निफ्टी पर पड़ा. बाजार के खुलने के साथ ही भारी बिकवाली का दबाव देखा गया जिससे सेंसेक्स 78,000 के नीचे आ गया.

सुबह करीब 9:15 बजे BSE सेंसेक्स 450.80 अंक (0.58%) टूटकर 77,729.92 पर कारोबार करता दिखा. वहीं निफ्टी 50 भी 123.40 अंक (0.51%) फिसलकर 24,275.30 पर आ गया.

किन सेक्टरों पर सबसे ज्यादा असर?

ऑयल एंड गैस सेक्टर में सबसे अधिक 1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा मीडिया, पीएसयू बैंक, रियल्टी, सीमेंट, मेटल, ऑटो और एफएमसीजी इंडेक्स भी 1% तक नीचे फिसले. हालांकि, फार्मा और आईटी सेक्टर ने मजबूती दिखाई और ये शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे. निफ्टी फार्मा 0.73% चढ़ा. आईटी सेक्टर में भी 0.25% की हल्की बढ़त देखी गई.

Latest and Breaking News on NDTV

टॉप गेनर्स और लूजर्स

सेंसेक्स में सन फार्मा, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, टीसीएस, पावर ग्रिड और टेक महिंद्रा के शेयरों में खरीदारी देखी गई. जबकि इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, एमएंडएम, बजाज फाइनेंस, एचयूएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, एसबीआई, एलएंडटी, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और भारती एयरटेल जैसे शेयरों में दबाव रहा. केवल लार्जकैप ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी सुस्ती रही.

तेल और एयरलाइंस कंपनियों के शेयर धड़ाम

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर पड़ा है. तेल की बढ़ती कीमतों के चलते ऑयल मार्केटिंग कंपनियों और एयरलाइन शेयरों, दोनों में गिरावट देखी गई है. भारत पेट्रोलियम (4.22%), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (4.08%) और इंडियन ऑयल (3.31%) जैसी तेल कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई.वहीं दूसरी ओर ऑपरेशनल कॉस्ट बढ़ने की आशंका से एयरलाइन कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में1.46% और स्पाइसजेट के शेयरों में 0.78% की  गिरावट आई.

बाजार में गिरवट के पीछे की बड़ी वजह

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और समुद्री जहाजों पर हमलों की खबरों से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं.अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल (Brent Crude) करीब 3% बढ़कर 76.39 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई (WTI) क्रूड 3% से ज्यादा बढ़कर 72.72 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इसके साथ ही अमेरिका द्वारा ईरान के तेल बेचने के लाइसेंस को रद्द करने की खबर ने बाजार के सेंटीमेंट को बुरी तरह प्रभावित किया है. वहीं, अमेरिका के टेक शेयरों में बिकवाली और एशियाई बाजारों के मिले-जुले रुख का असर भारतीय निवेशकों के मूड पर पड़ा.

ये भी पढ़ें: सीजफायर पर ट्रंप का एक बयान और क्रूड ऑयल में लग गई आग, जानिए कितना महंगा हो गया कच्‍चा तेल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stock Market Today, Nifty 50, Share Market News, Trump Ceasefire
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com