Biggest IPO of SpaceX: दुनिया का सबसे बड़ा IPO आने वाला है. एलन मस्क की कंपनी SpaceX का. कंपनी ने 75 बिलियन डॉलर जुटाने का लक्ष्य रखा है, जबकि 250 बिलियन डॉलर से ज्यादा की डिमांड आ गई है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि निवेशकों के बीच इसका ऐसा क्रेज देखा जा रहा है कि अब तक 250 अरब डॉलर से अधिक की डिमांड आ चुकी है, जो कि तय साइज से साढ़े तीन से चार गुना ज्यादा (ओवरसब्सक्रिप्शन) है. हालांकि अब किस्मत तय करेगी कि कौन-से निवेशक एलन मस्क की कंपनी में उनके पार्टनर यानी शेयरहोल्डर्स बन पाते हैं. शेयरों की लिस्टिंग 12 जून को होने वाली है.
बैंकों और निवेशकों का कहना है कि ये बाजार में कंपनी की मजबूत साख का सबसे बड़ा सबूत है. इस रेस में लंबे समय के लिए निवेश करने वाले फंड्स ने बड़े-बड़े ऑर्डर दिए हैं. खबर है कि खुद एलन मस्क ने भी संभावित निवेशकों के साथ कुछ जूम (Zoom) मीटिंग्स में हिस्सा लिया है.
बड़े संस्थागत निवेशकों की बैठक
SpaceX फिलहाल इस IPO की मार्केटिंग प्रक्रिया के बीच में है. सूत्रों के अनुसार, कंपनी की प्रेसिडेंट ग्विन शॉटवेल और चीफ फाइनेंस ऑफिसर (CFO) ब्रेट जॉनसन ने मैनहट्टन में मॉर्गन स्टेनली द्वारा आयोजित एक लंच मीटिंग में हिस्सा लिया, जहां करीब 300 बड़े संस्थागत निवेशक (Institutional Investors) शामिल हुए. हालांकि, गुरुवार दोपहर को होने वाली अंतिम प्राइसिंग से पहले निवेशकों की इस डिमांड और आंकड़ों में बदलाव संभव है.
आईपीओ की महत्वपूर्ण डिटेल्स
- प्राइसिंग डेट (SpaceX Pricing Date): 11 जून 2026
- लिस्टिंग/ट्रेडिंग डेट (SpaceX Listing Date): 12 जून 2026
- ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और टिकर (SpaceX Exchange & Ticker): यह स्टॉक Nasdaq पर SPCX टिकर सिंबल के तहत लिस्ट होगा
शेयर प्राइस (Price Range)
आमतौर पर कंपनियां 'X से Y डॉलर' टाइप प्राइस रेंज देती हैं, लेकिन SpaceX ने लीक से हटकर 135 डॉलर/शेयर की फिक्स प्राइस तय की है. कुल शेयर्स की बिक्री की बात करें तो कंपनी लगभग 55.56 करोड़ (555.6 Million) शेयर्स बेचने जा रही है.
कंपनी की वैल्यूएशन (Valuation)
135 डॉलर/शेयर के हिसाब से SpaceX की वैल्युएशन 1.75 ट्रिलियन से 1.77 ट्रिलियन डॉलर के बीच आंकी गई है. लिस्ट होते ही SpaceX दुनिया की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो जाएगी और अमेरिकी बाजार में अपनी ही सिस्टर कंपनी Tesla से भी आगे (7वीं सबसे बड़ी कंपनी) निकल सकती है.
निवेशक कैसे लगा रहे हैं पैसे?
रिटेल कोटा (Retail Allocation): सामान्य आईपीओ में रिटेल निवेशकों को 5% से 10% हिस्सा मिलता है, लेकिन SpaceX अपने आईपीओ का करीब 30% हिस्सा आम/रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रख रहा है. निवेशक Charles Schwab, Fidelity, Robinhood और SoFi जैसे चुनिंदा ब्रोकर्स के जरिए इसमें हिस्सा ले रहे हैं. रॉयटर्स ने बताया है कि आईपीओ के बाद भी कंपनी पर एलोन मस्क का पूरा नियंत्रण रहेगा. उनके पास कंपनी की करीब 85% वोटिंग पावर सुरक्षित रहेगी.
अमेरिकी बाजार में हलचल
SpaceX का यह मेगा IPO ऐसे समय में आ रहा है जब वैश्विक बाजार में भारी उतार-चढ़ाव है. हाल ही में नैस्डैक और बिटकॉइन में बड़ी गिरावट देखी गई है. कुछ विश्लेषकों का तो यह भी मानना है कि बाजार में आई इस गिरावट की एक वजह यह भी हो सकती है कि निवेशक SpaceX के IPO में पैसा लगाने के लिए अपने दूसरे फंड्स या एसेट्स बेच रहे हैं.
स्पेस में बनेगा AI डेटा सेंटर
कंपनी ने अपने रोडशो और पेपर्स में अंतरिक्ष में रॉकेट-लॉन्चिंग और अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा 'स्टारलिंक' (Starlink) की ताकत को सामने रखा है. इसके साथ ही, SpaceX ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर में $23 ट्रिलियन (23 लाख करोड़ डॉलर) के बड़े मौके का दावा किया है.
कंपनी ने कहा, 'अंतरिक्ष में जाने की लागत को भारी मात्रा में कम करके, हम दुनिया की सबसे बड़ी चुनौतियों का समाधान कर रहे हैं. हमारा लक्ष्य दुनिया के उन 3 अरब लोगों को इंटरनेट से जोड़ना है जो आज भी डिजिटल दुनिया से कटे हुए हैं.'
SpaceX का कहना है कि वह इकलौती ऐसी कंपनी है जो पृथ्वी की सीमाओं से बाहर निकलकर अंतरिक्ष में 'AI कंप्यूट क्षमता' (डेटा सेंटर्स और इंफ्रास्ट्रक्चर) तैयार कर सकती है. अमेरिका में बिजली उत्पादन और कंप्यूटर-क्षमता की कमी को अंतरिक्ष में इंफ्रास्ट्रक्चर बनाकर दूर किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: देश में स्टारलिंक की मंजूरी पर रोक की खबरों के बीच कंपनी की सफाई- सरकार के साथ बातचीत जारी, उठा रहे ये कदम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं