Share Market Today: ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत और देश के अंदर आ रही बड़ी खबरों के बीच आज शेयर बाजार में काफी हलचल देखने को मिल सकती है. मार्केट के जानकारों का कहना है कि हफ्ते की शुरुआत उतार-चढ़ाव के साथ हो सकती है. सरकार के कुछ सख्त फैसलों का असर कमोडिटी बाजार के जरिए शेयर बाजार पर भी दिखाई देगा, वहीं कुछ सेक्टर्स के शेयर तेजी से बढ़ सकते हैं. ऐसे में निवेशकों के लिए आज का दिन काफी अहम रहने वाला है, जहां सही शेयर चुनकर अच्छे मौके का फायदा उठाया जा सकता है.
वोडाफोन-आइडिया पर सभी की नजरें
सोमवार को सबसे ज्यादा हलचल वोडाफोन आइडिया (Vi) के काउंटर पर देखने को मिलने वाली है. अगर आपके पोर्टफोलियो में ये शेयर है, तो आपकी चांदी हो सकती है. कंपनी ने चौथी तिमाही (Q4) के जो नतीजे पेश किए हैं, उसने सभी को चौंका दिया है. कंपनी ने 51,970 करोड़ रुपये का बंपर नेट प्रॉफिट कमाया है. लंबे समय से टूट रहे इस टेलीकॉम शेयर के लिए ये नतीजे संजीवनी बूटी की तरह हैं. मार्केट ओपन होते ही इस शेयर में अपर सर्किट लगने की भी संभावना जताई जा रही है. रिटेल निवेशकों से लेकर बड़े इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स तक की नजर आज इसी पर टिकी है.
कमोडिटी मार्केट में सरकार का एक्शन
हफ्ते के पहले दिन कमोडिटी मार्केट से आने वाली खबरें स्टॉक मार्केट का मूड तय करेंगी. सरकार ने हाल ही में कमोडिटी की कीमतों को कंट्रोल करने और घरेलू सप्लाई को मजबूत करने के लिए इंपोर्ट ड्यूटी से लेकर चांदी के आयात पर बड़े कदम उठाए हैं. सरकार के इस एक्शन का सीधा असर मेटल, एग्री-कमोडिटीज और माइनिंग से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर देखने को मिलेगा. शुरुआती कारोबार में इन सेक्टर्स में थोड़ी वोलेटिलिटी रह सकती है, इसलिए निवेशकों को संभलकर ट्रेड करने की सलाह है.
IT शेयर्स में फिर दिख सकती है रफ्तार
ग्लोबल फ्रंट की बात करें तो अमेरिका और ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा. दोनों देशों के बीच फिलहाल कोई समाधान नहीं निकला है. एक्सपर्ट के अनुसार ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता या जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ती है, तब भारतीय आईटी सेक्टर्स के शेयर्स निवेशकों के लिए सेफ हेवन बन जाते हैं.
CNG की कीमतों का डबल धमाका
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के शेयर होल्डर्स के लिए भी सोमवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आ सकता है. देश में दूसरी बार सीएनजी (CNG) के दामों में बढ़ोतरी की गई है. सीएनजी के दाम बढ़ने से सीधे तौर पर कंपनी के रेवेन्यू और प्रॉफिट मार्जिन में सुधार देखने को मिलेगा. इस फैसले के बाद आईजीएल (IGL) के शेयर में आज तेज उछाल आने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं