Rajasthan Pachpadra Refinery Plant Importance Explained in Hindi: एक ऐसे समय में, जब पूरी दुनिया के कई देश तेल-गैस का ग्लोबल सप्लाई चेन टूटने से बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं, भारत ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की दिशा में एक छलांग लगा रहा है. देश में विशाल क्षमता वाली रिफाइनरी आकार ले रही है, जिसकी सालाना क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन (9 MMTPA) होगी. राजस्थान के बालोतरा में ये देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी होगी. इसी के साथ होगा- पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, जो क्रूड ऑयल को वैल्यू एडेड प्रॉडक्ट्स में बदलने में सक्षम होगा. इसकी सालाना क्षमता होगी 2.4 मीलियन मीट्रिक टन.
सोमवार को इस ग्रीनफील्ड रिफाइनरी सह पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के एक यूनिट में आग लग गई, जिससे इसका उद्घाटन थोड़ा आगे बढ़ गया है. गनीमत रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई है. सरकार ने इसकी सघन जांच के आदेश भी दिए हैं. खैर आज नहीं तो कल, इसे चालू होना ही है और यहां उत्पादन शुरू होने के साथ ही ये देश के एनर्जी सेक्टर में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है. आज हम उस अध्याय के कुछ शुरुआती पन्ने पढ़ने की कोशिश करते हैं और जानते हैं कि आखिर ये बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट देश के लिए क्यों और कितना महत्पूर्ण है.

सबसे पहले कुछ हल्के-फुल्के अंदाज में गंभीर बातें
- रिफाइनरी की क्षमता 9 MMTPA है, यानी ये हर साल 90 लाख टन कच्चे तेल को प्रोसेस करेगी. हर दिन करीब 1.8 लाख बैरल कच्चे तेल की प्रोसेसिंग.
- इसे आप ऐसे समझिए कि न्यूजीलैंड और वियतनाम जैसे छोटे देशों की कुल रिफाइनिंग क्षमता के करीब-करीब बराबर या उससे भी ज्यादा है.
- ये क्षमता राजस्थान और पड़ोसी राज्यों (पंजाब, हरियाणा) की पेट्रोलियम मांग का एक बड़ा हिस्सा अकेले पूरा करने के लिए काफी है.
- इस रिफाइनरी में इतना तेल प्रोसेस होगा, जिससे हर दिन देश की लाखों कारों और ट्रकों की टंकी फुल की जा सकती है.
ज्यादा सोचने मत लग जाइए, अभी काफी कुछ जानना बाकी है, भई!
...तो चलिए अब शुरू से शुरू करते हैं
राजस्थान के बालोतरा जिले का पचपदरा इलाका, जो कभी अपनी वीरानियत के लिए जाना जाता था, अब देश के ऊर्जा मानचित्र पर एक चमकता हुआ बिंदु बनने जा रहा है. देश का पहला ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स केवल एक रिफाइनरी नहीं, बल्कि एक आर्थिक क्रांति का आगाज साबित हो सकती है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का सफर इतना आसान नहीं था. इसकी घोषणा सर्वप्रथम 2008 में की गई थी, लेकिन कुछ कारणों से मामला अटका रहा.

हाल के कुछ वर्षों में इस पर तेजी से काम शुरू हुआ और आज ये रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार के साझा प्रयासों का परिणाम है, जिसमें HPCL की 74% और राजस्थान सरकार की 26% हिस्सेदारी है. इस पर 79,450 करोड़ से ज्यादा का निवेश किया गया है.
मैथ्स ऑफ मेगा प्रोजेक्ट: 1.8 लाख बैरल का गणित
रिफाइनरी की क्षमता को समझने के लिए इसके आंकड़ों पर गौर करना जरूरी है. इसकी वार्षिक क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन (9 MMTPA) है. इसे आसान भाषा में समझें तो यह हर साल 90 लाख टन कच्चे तेल को प्रोसेस करेगी. अगर इसे रोजाना के पैमाने पर देखें, तो यह रिफाइनरी हर दिन करीब 1.8 लाख बैरल तेल साफ करेगी.
यह रिफाइनरी न केवल विदेश से आए कच्चे तेल को साफ करेगी, बल्कि राजस्थान के बाड़मेर बेसिन में निकलने वाले क्रूड काे भी प्रोसेस करेी. इससे निकलने वाला BS-VI ग्रेड का पेट्रोल और डीजल देश की स्वच्छ ईंधन की मांग को पूरा करेगा.

तकनीक में 'वर्ल्ड क्लास': नेल्सन इंडेक्स का जादू
यह रिफाइनरी केवल बड़ी ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे उन्नत रिफाइनरियों में से एक है. इसका नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है. तकनीकी भाषा में इसका मतलब है कि यह बेहद जटिल और 'फ्लेक्सिबल' रिफाइनरी है, जो लगभग हर प्रकार के (हल्के या भारी) कच्चे तेल को कुशलता से प्रोसेस कर सकती है. साथ ही, इसका पेट्रोकेमिकल यील्ड 26% से अधिक है, जो इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों पर सबसे कुशल संयंत्रों की कतार में खड़ा करता है.
पेट्रोकेमिकल यूनिट: असली गेम चेंजर
ज्यादातर रिफाइनरियां सिर्फ पेट्रोल और डीजल बनाती हैं, लेकिन पचपदरा की असली ताकत इसकी पेट्रोकेमिकल यूनिट है. यहाँ हर साल 2.4 MMTPA पेट्रोकेमिकल उत्पादों का उत्पादन होगा. यह क्षमता गुजरात के हजीरा और दहेज जैसे स्थापित इंडस्ट्रियल हब्स को टक्कर देने वाली है. भारत में प्रति व्यक्ति पेट्रोकेमिकल खपत विकसित देशों की तुलना में काफी कम है, ऐसे में यह यूनिट 'आत्मनिर्भर भारत' के सपने को सच करते हुए प्लास्टिक और केमिकल आधारित उद्योगों को कच्चा माल मुहैया कराएगी.

हजारों रोजगार पैदा होंगे, लगेंगे कई उद्योग
यह प्रोजेक्ट उत्तर-पश्चिम भारत के लिए एक 'इंडस्ट्रियल इंजन' का काम करेगा. यह क्षेत्र में एक पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक पार्क के लिए मुख्य आधार (Anchor) बनेगा, जिससे हजारों छोटे और सहायक उद्योग लगेंगे. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) का अनुमान है कि 2027 तक भारत तेल की मांग में चीन को पीछे छोड़ देगा. ऐसे में पचपदरा की यह रिफाइनरी भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और आयात पर निर्भरता कम करने में ढाल की तरह काम करेगी. ये रिफाइनरी राजस्थान के रेतीले धोरों में विकास की एक नई इबारत लिखने वाली साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में बिजली बिल बढ़ने वाला है! DERC की कानूनी हार, ट्रिब्यूनल ने बकाया चुकाने के लिए नहीं दी मोहलत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं