विज्ञापन

nVIDIA अपने फाउंडर को ही CEO पद से हटा सकता है, अपराध साबित हुए बिना भी एक्‍शन संभव, ये नियम बन सकता है गले की फांस

nVIDIA के नियमों के तहत, शेयरधारकों के बहुमत के वोट से किसी निदेशक को 'कारण बताकर' हटाया जा सकता है. बिना कोई कारण बताए किसी निदेशक को हटाने के लिए नियम क्‍या हैं, ये भी जान लीजिए.

nVIDIA अपने फाउंडर को ही CEO पद से हटा सकता है, अपराध साबित हुए बिना भी एक्‍शन संभव, ये नियम बन सकता है गले की फांस
जेनसेन हुआंग पर बड़ी कार्रवाई कर सकती है कंपनी, बोर्ड के पास है पावर
(File Photo)

दिग्‍गज टेक कंपनी nVIDIA के बोर्ड के पास डायरेक्‍टर्स के बहुमत वोट के जरिए कंपनी के फाउंडर और CEO जेनसेन हुआंग को किसी आपराधिक निष्कर्ष के बिना भी पद से हटाने की शक्ति है. हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की अनुमति की आवश्यकता भी होगी. NDTV प्रॉफिट की एक रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया के नियमों में ये प्रावधान है कि निदेशकों के बहुमत में वोट से कंपनी के किसी भी अधिकारी को, किसी कारण के साथ या बिना किसी कारण के हटाया जा सकता है. कंपनी के नियमों में ये अपडेट 12 मार्च 2024 को लागू किए गए थे. 

ढाई साल पहले लागू नियम बन सकता है गले की फांस 

कंपनी ने ढाई साल पहले नियमों में जो बदलाव किए गए, वही कंपनी के फाउंडर के गले की फांस बन सकता है. एनवीडिया के नियमों के तहत, शेयरधारकों के बहुमत के वोट से किसी निदेशक को 'कारण बताकर' हटाया जा सकता है. वहीं, बिना कोई कारण बताए किसी निदेशक को हटाने के लिए, कंपनी की कुल वोटिंग पावर के कम से कम 66.67 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करने वाले शेयरधारकों के वोट की आवश्यकता होती है.

कंपनी ने शुरू की है स्‍वतंत्र जांच 

हालांकि, एनवीडिया ने 8 नवंबर को उन रिपोर्ट्स की स्वतंत्र जांच शुरू की है, जिनमें कहा गया है कि हुआंग को एक विदेशी खुफिया अभियान के जासूस ने कथित तौर पर निजी संबंधों के जरिए निशाना बनाया था. यह जांच एलिस हुआंग से जुड़े आरोपों के बाद शुरू की गई है.  

एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित 'मेगास्पीड' में एक एग्जीक्यूटिव हैं. मेगास्पीड, एनवीडिया की एक प्रमुख ग्राहक कंपनी है, जिसने कथित तौर पर दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक के चिप्स खरीदे हैं.

मैकडॉनल्‍ड्स, इंटेल में भी हटाए जा चुके हैं CEO

इससे पहले कई अमेरिकी कंपनियों ने ऐसे निजी संबंधों के कारण अपने CEOs को हटा दिया है. मैकडॉनल्ड्स ने 2019 में अपने CEO स्टीव ईस्टरब्रुक को इसलिए निकाल दिया, क्योंकि एक कर्मचारी के साथ उनकी आपसी सहमति से बने संबंध कंपनी के 'व्यावसायिक आचरण मानकों' का उल्लंघन था. 

इंटेल के CEO ब्रायन क्रजानिच ने 2018 में इस्तीफा दे दिया था. इसकी वजह उनके एक कर्मचारी के साथ पुराने आपसी संबंधों ने कंपनी की 'नॉन-फ्रैटर्नाइजेशन' (कर्मचारियों के बीच निजी संबंधों पर रोक लगाने वाली) नीति का उल्लंघन किया था.

अमेरिका का आरोप, चीन ने किया इनकार 

अमेरिका का दावा है कि संबंधित महिला को चीन के 'राज्य सुरक्षा मंत्रालय' ने एनवीडिया के CEO की जासूसी करने के लिए काम पर रखा था. हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा, जिसमें उन्होंने अपने परिवार और सभी से माफी मांगी. 

बीजिंग से आई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चीन ने सोमवार को उन दावों को खारिज कर दिया कि उसने अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग की जासूसी की थी. चीन ने इन दावों को 'बेबुनियाद' बताया.

इसके अलावा, सिंगापुर स्थित AI डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' ने भी इन आरोपों को नकार दिया कि वह एनवीडिया की चिप्स को अवैध रूप से चीन भेज रही थी. कंपनी ने कहा कि अमेरिकी और मलेशियाई अधिकारियों के साथ-साथ एनवीडिया द्वारा की गई जांच में भी किसी तरह की गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं मिला है.  

यह भी पढ़ें | एलिस हुआंग की जेनसेन से मुलाकात और फिर धड़ाधड़ डील पर डील, 5 बिलियन डॉलर तो एक कंपनी ने दे दिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nvidia CEO Affair, Nvidia CEO Jensen Huang Affair, Nvidia CEO Jensen Huang Affair With Alleged Chinese Spy, Nvidia CEO Jensen Huang Chinese Spy Alice Huang Scandal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com