दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप निर्माता कंपनियों में शामिल Nvidia से जुड़े विवाद में नया मोड़ आ गया है. रूस की पूर्व खुफिया अधिकारी होने का दावा करने वाली एलिया रोजा ने आरोप लगाया है कि Nvidia के सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग और सिंगापुर की टेक कंपनी मेगास्पीड की पूर्व डायरेक्टर एलिस हुआंग के बीच का विवाद कथित तौर पर एक 'हनी ट्रैप' या कॉर्पोरेट जासूसी अभियान जैसा प्रतीत होता है.
NDTV को दिए इंटरव्यू में रोजा ने कहा कि उपलब्ध रिपोर्टों और सार्वजनिक जानकारियों को देखते हुए इस मामले को सिर्फ निजी रिश्ते के तौर पर नहीं, बल्कि संभावित कॉर्पोरेट जासूसी के नजरिए से भी देखा जाना चाहिए.
कौन हैं एलिस हुआंग?
रिपोर्टों के मुताबिक एलिस हुआंग पहले सिंगापुर स्थित टेक्नोलॉजी कंपनी मेगास्पीड से जुड़ी रही हैं. उन पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने Nvidia से जुड़े संवेदनशील कारोबारी और तकनीकी पहलुओं तक पहुंच बनाने के लिए निजी संबंधों का इस्तेमाल किया. हालांकि चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है और उन्हें जासूस मानने से इनकार किया है.
क्या है 'हनी ट्रैप' का दावा?
एलिया रोजा का दावा है कि कथित घटनाक्रम उन तरीकों से मिलता-जुलता है, जो खुफिया एजेंसियां लंबे समय से इस्तेमाल करती रही हैं.
उनके मुताबिक, किसी भरोसेमंद व्यक्ति के जरिए संपर्क स्थापित करना, धीरे-धीरे विश्वास बनाना, भावनात्मक जुड़ाव पैदा करना और फिर प्रभाव स्थापित करना हनी-ट्रैप ऑपरेशनों की आम रणनीति होती है.
रोजा ने दावा किया कि एलिस हुआंग के पति कांग वेई के जरिए जेनसेन हुआंग तक पहुंच बनाई गई और बाद में दोनों के बीच करीबी संबंध विकसित हुए.
क्यों अहम है मामला?
मेगास्पीड का नाम कथित तौर पर उन्नत AI चिप्स के बड़े सौदों से जोड़ा गया है. ऐसे में यदि किसी बड़ी तकनीकी कंपनी के शीर्ष नेतृत्व तक निजी संबंधों के जरिए पहुंच बनाई जाती है, तो राष्ट्रीय सुरक्षा और कॉर्पोरेट गोपनीयता से जुड़े सवाल खड़े हो सकते हैं.
हालांकि अब तक इन आरोपों को लेकर कोई न्यायिक निष्कर्ष या आधिकारिक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है.
रोजा ने क्या कहा?
पूर्व खुफिया अधिकारी का कहना है कि किसी भी हनी-ट्रैप ऑपरेशन का सबसे बड़ा उद्देश्य संवेदनशील जानकारी हासिल करना नहीं, बल्कि पहले विश्वास और प्रभाव स्थापित करना होता है.
उन्होंने कहा कि जब दो लोगों के बीच गहरा भरोसा और निजी संबंध बन जाते हैं, तो कई बार पेशेवर और निजी बातचीत की सीमाएं धुंधली हो जाती हैं. ऐसे में संवेदनशील जानकारियां अनजाने में भी साझा हो सकती हैं.
रोज़ा ने कहा कि जांच एजेंसियों को उन लोगों और कारोबारी रिश्तों की पड़ताल करनी चाहिए, जिनकी वजह से एलिस हुआंग और जेनसेन हुआंग एक-दूसरे के संपर्क में आए. उन्होंने विशेष रूप से एलिस हुआंग के पति कांग वेई की भूमिका की जांच की जरूरत बताई.
यह भी पढ़ें | nVIDIA का अगला बॉस क्या भारतीय मूल का होगा? रेस में ये 3 दिग्गज, एक हैं गूगल क्लाउड में CEO, बाकी दो कौन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं