इंडिगो (IndiGo) एयरलाइन ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) से अपने परिचालन को लेकर बड़ी घोषणा की है. एयरलाइन 29 मार्च से 23 अप्रैल के बीच इस नए हवाई अड्डे से 30 से ज्यादा नए रूटों पर उड़ानें शुरू करने जा रही है. इससे यात्रियों को बड़ी सहूलियत हो जाएगी, क्योंकि अभी तक वे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं.
इन शहरों के लिए मिलेगी सीधी उड़ान
इंडिगो ने बताया कि नवी मुंबई को देश के बड़े शहरों जैसे पटना, कोलकाता, वाराणसी, अयोध्या, आगरा, चंडीगढ़, श्रीनगर, और विशाखापत्तनम से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा बागडोगरा, बेलगाम, दीव, कन्नूर और राजकोट जैसे शहरों के लिए भी यात्री यहां से उड़ान भर सकेंगे. इसके बाद इंडिगो नवी मुंबई से हर हफ्ते 400 से ज्यादा उड़ानें संचालित करेगी, जिससे यात्रियों के पास ज्यादा ऑप्शन और अच्छी कनेक्टिविटी मिलेगी.
गुजरात के साथ बढ़ी कनेक्टिविटी
इंडिगो ने रविवार से ही भावनगर और नवी मुंबई के बीच हर दिन दो सीधी उड़ानें शुरू कर दी हैं. इन उड़ानों के लिए एटीआर विमानों का इस्तेमाल किया जा रहा है. यही नहीं, 23 अप्रैल से जामनगर के लिए भी सीधी सर्विस शुरू हो जाएगी. अभी के समय में इंडिगो गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, भावनगर और जामनगर के लिए हर हफ्ते 1,400 से ज्यादा उड़ानें संचालित कर रही है.
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) बना और चलाता है. ये भारत की सबसे बड़ी नई हवाई अड्डा परियोजनाओं में से एक है. हाल ही में इंडिगो और अदाणी के बीच एक साझेदारी हुई है. जिसके जरिए इंडिगो के ब्लूचिप लॉयल्टी प्रोग्राम मेंबर्स एएएचएल के हवाई अड्डों पर ड्यूटी-फ्री दुकानों से खरीदारी करते समय खास फायदे पाएंगे. यात्री उड़ान से पहले ऑनलाइन ही सामान देख सकेंगे और प्री-बुक कर सकेंगे. अदाणी के प्लेटफॉर्म से हर 100 रुपये खर्च करने पर मेंबर्स को 5 इंडिगो ब्लू चिप्स मिलेंगे.
बदलेगा शॉपिंग का अनुभव
AAHL के नॉन-एयरो विभाग के सीईओ सुचित बंसल ने कहा कि हम डिजिटल सर्च, प्री-ऑर्डर सुविधा और आसान सामान लेने की प्रोसेस को जोड़कर यात्रियों की एयरपोर्ट शॉपिंग को और बेहतर बना रहे हैं. अब यात्री ऑनलाइन भुगतान करके एयरपोर्ट पर बिना समय गंवाए आसानी से अपना सामान ले सकेंगे.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं