प्रधानमंत्री मोदी ने बीते दिन एक साल गोल्ड खरीद से बचने की अपील की. पीएम मोदी ने ग्लोबल संकट और बढ़ती तेल की कीमतों के बीच विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर देते हुए नागरिकों से गैर-जरूरी गोल्ड खरीदारी से बचने की अपील की थी. विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए पीएम मोदी की इस अपील के बाद निवेशकों ने ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में जमकर बिकवाली शुरू कर दी. जिसके बाद सोमवार को ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों भारी बिकवाली देखने को मिली और कई कंपनियों के शेयर 11% तक टूट गए.
सबसे ज्यादा गिरावट स्काई गोल्ड (Sky Gold and Diamonds) में दर्ज की गई. स्काई गोल्ड का शेयर करीब 12.24% टूट गया. वहीं, सेंको गोल्ड (Senco Gold ) में 10.28% की गिरावट दर्ज की गई. कल्याण ज्वेलर्स (Kalyan Jewellers India) का शेयर 8.46% लुढ़का, जबकि थंगमयिल 6.49% और टाइटन (Titan Company) का शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 8% टूटकर 4,151.40 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंच गया.
इसके अलावा त्रिभोवंदास भीमजी जवेरी के शेयर में 5.59%, गोल्डियम में 5.18%, पीसी ज्वेलर में 5.05%, मोतिसंस में 4.44% और वैभव ग्लोबल में 4.39% की गिरावट दर्ज हुई. वहीं KDDL करीब 2.94% और रेनेसां ग्लोबल 2.24% कमजोर रहा.
इसके अलावा PN Gadgil Jewellers का शेयर 8.32% टूटकर 668.05 रुपये पर पहुंच गया. हाल ही में लिस्ट हुई BlueStone Jewellery and Lifestyle के शेयर 5.92% टूट गए. वहीं Rajesh Exports में 4.63% की कमजोरी देखने को मिली.
दरअसल, पीएम मोदी ने रविवार को सिकंदराबाद में आयोजित एक जनसभा में लोगों से अगले एक साल तक गैर-जरूरी गोल्ड खरीदारी से बचने की अपील की थी. उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में देश के लिए विदेशी मुद्रा बचाना बेहद जरूरी हो गया है.
प्रधानमंत्री ने बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों और भारत की आयात निर्भरता का जिक्र करते हुए ईंधन बचाने, अनावश्यक खर्च कम करने और घरेलू खर्च को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वर्चुअल कॉन्फ्रेंस जैसी कोविड दौर की व्यवस्थाओं को फिर से अपनाने की भी सलाह दी.
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने को लेकर कोई समझौता नहीं होने से कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी रहीं. इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा और सोमवार सुबह सेंसेक्स और निफ्टी 1% से ज्यादा गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं