विज्ञापन

Jewar Airport का कमाल, यमुना एक्सप्रेसवे पर 3 गुना बढ़ गए जमीन के दाम, अगले 2 साल में 28% तक उछलेंगे प्रॉपर्टी के रेट

Jewar Airport Property Prices: रिपोर्ट के मुताबिक, जहां प्लॉट्स की कीमतों में उछाल मुख्य रूप से इन्वेस्टर्स की वजह से आया है, वहीं अपार्टमेंट्स की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी एंड-यूजर यानी जो लोग खुद रहने के लिए घर ले रहे हैं की मांग को दर्शाती है.

Jewar Airport का कमाल, यमुना एक्सप्रेसवे पर 3 गुना बढ़ गए जमीन के दाम, अगले 2 साल में 28% तक उछलेंगे प्रॉपर्टी के रेट
Jewar Airport Property Rate Hike: साल 2027 तक फ्लैट्स के रेट औसतन ₹11,800 प्रति स्क्वायर फीट और प्लॉट्स के रेट ₹3,200 प्रति स्क्वायर फीट तक पहुंचने की उम्मीद है.
नई दिल्ली:

अगर आप दिल्ली-एनसीआर में घर या जमीन खरीदने का सपना देख रहे हैं, तो जेवर एयरपोर्ट (Noida International Airport) आपके लिए गोल्डन चांस साबित होने वाला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को इस भव्य एयरपोर्ट का उद्घाटन करने जा रहे हैं और इसके साथ ही आसपास के इलाकों की किस्मत पलटने वाली है. 

 2 साल में 28% तक बढ़ेंगे प्रॉपर्टी के दाम

रियल एस्टेट कंसल्टेंट स्क्वायर यार्ड्स (Square Yards) की ताजा रिपोर्ट 'Runway to Realty' के मुताबिक, जेवर एयरपोर्ट के चलते अगले दो सालों में यहां प्रॉपर्टी की कीमतें 22% से 28% तक और बढ़ सकती हैं. अगर आपने यहां प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट किया है, तो समझ लीजिए आपकी लॉटरी लगने वाली है.

5 साल में 3 गुना बढ़ गए दाम, यमुना एक्सप्रेसवे बना हॉटस्पॉट

यमुना एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर प्रॉपर्टी की कीमतों में पिछले 5 सालों (2020-2025) में जो उछाल आया है, उसने सबको हैरान कर दिया है. जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के काम ने इस इलाके को इन्वेस्टमेंट का सबसे बड़ा हब बना दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 5 साल में यहां अपार्टमेंट्स की औसत कीमतें लगभग 3 गुना बढ़ गई हैं. वहीं प्लॉट्स (Plots) की बात करें तो उनकी वैल्यू में औसतन 1.5 गुना का इजाफा हुआ है. कुछ खास इलाकों में तो जमीन की कीमतें 5 गुना तक बढ़ चुकी हैं.

अगले 2 साल में क्या होगा? जानें 2026-2027 का अनुमान

एक्सपर्ट्स का मानना है कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद भी कीमतों में बढ़त जारी रहेगी, हालांकि अब यह रफ्तार थोड़ी स्थिर  हो सकती है.

  • प्लॉट्स (Plots): अगले दो वर्षों में जमीन की कीमतों में 28% तक की और बढ़ोतरी होने के आसार हैं.
  • अपार्टमेंट्स (Apartments): फ्लैट्स की कीमतों में 22% तक का उछाल देखा जा सकता है.

साल 2027 तक फ्लैट्स के रेट औसतन ₹11,800 प्रति स्क्वायर फीट और प्लॉट्स के रेट ₹3,200 प्रति स्क्वायर फीट तक पहुंचने की उम्मीद है. पिछले साल फ्लैट्स के रेट ₹9,600 और प्लॉट्स के रेट ₹2,500 थे.

क्यों बढ़ रहे हैं जेवर में प्रॉपर्टी के रेट? 

जेवर के निवासियों में एयरपोर्ट को लेकर जबरदस्त उत्साह है. उन्हें उम्मीद है कि इस मेगा प्रोजेक्ट से न सिर्फ रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, बल्कि मल्टीनेशनल कंपनियां (MNCs) भी यहाँ अपना सेटअप लगाएंगी. इससे कमाई के नए जरिए खुलेंगे और पूरे इलाके का कायाकल्प हो जाएगा. यह एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई पट्टी नहीं, बल्कि एक 'एयरोट्रोपोलिस' (Aerotropolis) के रूप में डेवलप हो रहा है, जो ग्लोबल लेवल पर नोएडा की पहचान बदल देगा.

स्क्वायर यार्ड्स के CEO का क्या है कहना?

स्क्वायर यार्ड्स के फाउंडर और सीईओ तनुज शौरी के मुताबिक, नोएडा का रियल एस्टेट मार्केट इस वक्त एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है. जेवर एयरपोर्ट न केवल हाउसिंग डिमांड और कीमतों को बढ़ा रहा है, बल्कि यह दिखाता है कि कैसे एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट किसी क्षेत्र की पहचान को पूरी तरह बदल सकता है और लंबे समय तक आर्थिक विकास के रास्ते खोल सकता है.

रिपोर्ट में एक दिलचस्प बात सामने आई है. जहां प्लॉट्स की कीमतों में उछाल मुख्य रूप से इन्वेस्टर्स की वजह से आया है, वहीं अपार्टमेंट्स की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी एंड-यूजर यानी जो लोग खुद रहने के लिए घर ले रहे हैं की मांग को दर्शाती है. जैसे-जैसे मार्केट मैच्योर होगा, फ्लैट्स की डिमांड और भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com