दिल्ली के भारत मंडपम में 16 फरवरी से शुरू हो रहे "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट - 2026" पर दुनियाभर की निगाहें हैं. 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि इस समिट में भाग लेने दिल्ली पहुंच चुके हैं. पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित इस समिट में भारत न केवल तकनीक पर चर्चा करेगा, बल्कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान भी शुरू कर रहा है.
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंटेल इंडिया के सहयोग से एक अनोखी पहल की है. 16 फरवरी, 8 बजे से "मोस्ट प्लेजस रिसीव्ड फॉर एन एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी कैंपेन इन 24 ऑवर्स" अभियान शुरू किया जाएगा, जिसका लक्ष्य 24 घंटे के अंदर एआई के जिम्मेदार उपयोग के लिए दुनिया में सबसे अधिक डिजिटल प्रतिज्ञाएं हासिल करना है.

india ai impact summit 2026
इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार,
इस पहल "मोस्ट प्लेजस रिसीव्ड फॉर एन एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी कैंपेन इन 24 ऑवर्स'' का उद्देश्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हासिल करना है. इस अभियान का लक्ष्य देश के सभी नागरिक एआई का उपयोग ईमानदारी, नैतिकता और सबको ध्यान में रखकर करें, ताकि भारत भरोसेमंद और इंसान-केन्द्रित एआई बनाने में आगे बढ़ सके.
कैसे डिजिटल अभियान में हिस्सा लें?
इस विशेष डिजिटल अभियान में कोई भी नागरिक आसानी से भाग ले सकता है. इसके लिए प्रतिभागियों को 5 प्रक्रियां पूरी करनी होगी, जिसमें शामिल हैं-
- आधिकारिक पोर्टल aipledge.indiaai.gov.in पर जाएं.
- अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- ओटीपी (ईमेल या फोन) के जरिए अपनी भागीदारी सत्यापित करें.
- एआई जागरूकता से जुड़े कुछ छोटे और दिलचस्प सवालों के जवाब दें.
- अपनी एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी प्लेज सब्मिट करें और अपना बैज डाउनलोड करें.
इसमें छात्रों और युवाओं के साथ-साथ शिक्षकों, अभिभावकों, सरकारी अधिकारियों, सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के पेशेवरों, स्टार्टअप कंपनियों और दूसरे पृष्ठभूमि के नागरिकों के भाग लेने की उम्मीद है. इसका उद्देश्य एआई के उत्तरदायी उपयोग, डेटा गोपनीयता, जवाबदेही और गलत सूचनाओं से निपटने की जरुरत के बारे में जागरूकता बढ़ाना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं