HDFC बैंक की लेटेस्ट एनुअल रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है. बैंक के एमडी और सीईओ शशिधर जगदीशन के पास भले ही सबसे बड़ी कुर्सी हो, लेकिन कमाई के मामले में उनसे आगे कोई और निकल गया है. इस साल बैंक के डिप्टी एमडी ने सैलरी के मामले में सीईओ को भी पीछे छोड़ दिया है. जी हां, HDFC Bank में इस बार सबसे ज्यादा सैलरी बैंक के CEO को नहीं, बल्कि डिप्टी MD कैजाद भरूचा को मिली है.
बैंक की FY26 एनुअल रिपोर्ट के मुताबिक, कैजाद भरूचा को कुल 17.14 करोड रुपये का पे पैकेज मिला, जबकि बैंक के MD और CEO शशिधर जगदीशन की कुल सैलरी 15.13 करोड रुपये रही. यानी भरूचा की कमाई CEO से करीब 2 करोड रुपये ज्यादा रही.
CEO से ज्यादा कैसे हुई सैलरी?
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अधिकारियों की फिक्स्ड सैलरी में ज्यादा फर्क नहीं था. सबसे बड़ा अंतर परफॉर्मेंस बोनस और स्टॉक ऑप्शन की वजह से आया. कैजाद भरूचा को ज्यादा परफॉर्मेंस बोनस मिला और उनके हिस्से में ज्यादा स्टॉक ऑप्शन भी आए. इसी वजह से उनकी कुल कमाई CEO से आगे निकल गई.
बाकी डायरेक्टर्स को कितना मिला?
बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, RBI के नियमों के तहत सभी नॉन एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स को साल भर के लिए 30 लाख रुपये की फिक्स्ड सैलरी दी गई. इसके अलावा उन्हें बोर्ड मीटिंग में शामिल होने के लिए सिटिंग फीस भी मिली.
HDFC Bank के पूर्व चेयरमैन की सैलरी कितनी रही?
बैंक के पूर्व पार्ट टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने मार्च 2026 में इस्तीफा देने से पहले 50 लाख रुपये की प्रो रेटेड सैलरी हासिल की. उन्होंने पूरे साल काम नहीं किया था, इसलिए उन्हें उतने समय के हिसाब से भुगतान किया गया.
कर्मचारियों की सैलरी में भी हुई बढ़ोतरी
एक तरह जहां HDFC Bank CEO शशिधर जगदीशन और डिप्टी MD कैजाद भरूचा की फिक्स्ड सैलरी में 3.22 फीसदी का ही इजाफा हुआ.वहीं 2.11 लाख से ज्यादा स्थायी कर्मचारियों की औसत सैलरी में FY26 के दौरान 11.43 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
सबसे ज्यादा बढ़ी किसकी सैलरी?
वित्त वर्ष 26 में सबसे बड़ी सैलरी बढ़ोतरी कंपनी सेक्रेटरी अजय अग्रवाल की रही. अप्रैल 2025 में उन्हें ग्रुप हेड ऑफ सेक्रेटेरियल एंड ग्रुप ओवरसाइट की नई जिम्मेदारी मिली थी. इसके बाद उनकी फिक्स्ड सैलरी में 46.04 फीसदी का उछाल आया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं