शेयर बाजार में बुधवार को टेक सेक्टर पर निवेशकों की नजरें तब गईं जब क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर की कंपनी E2E नेटवर्क के शेयरों में 20% की जबरदस्त तेजी देखी गई, जिससे शेयर ₹3,034.40 के अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया. इसके पीछे की वजह दुनिया की सबसे बड़ी चिपमेकर कंपनी एनवीडिया है.
क्या है पूरी खबर?
दरअसल टेक कंपनी एनवीडिया ने भारत में अपनी एआई फैक्ट्री पहल के तहत E2E नेटवर्क के साथ पार्टनर्शिप को मजबूत करने की बात कही.साथ ही गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने भी भारत की बढ़ती एआई क्षमता पर जोर देते हुए कहा था कि, "भारत अब केवल यूजर नहीं, बल्कि निर्माता बन रहा है. देश में मौजूद डेटा और युवा डेवलपर्स इसे वैश्विक एआई क्रांति का सेंटर बना देगी."
मल्टीबैगर रिटर्न से निवेशक हुए खुश
E2E नेटवर्कस के आंकड़ों पर नजर डालें तो फरवरी महीने में ही इस शेयर ने निवेशकों को 43% का रिटर्न दिया. पिछले 3 सालों में इस स्टॉक ने 1,760% की कमाल की छलांग लगाई है. हालांकि, तीसरी तिमाही में कंपनी को ₹57 करोड़ का घाटा हुआ है, लेकिन 68% की रेवेन्यू ग्रोथ ने निवेशकों का भरोसा बनाए रखा है.
क्या बोले मार्केट एक्सपर्ट?
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि एनवीडिया की 80% ग्लोबल बाजार हिस्सेदारी है. ऐसे में E2E जैसी कंपनी के साथ उसका नाम जुड़ना भविष्य की बड़ी संभावनाओं के बारे में बताता है. जहां एक ओर बड़ी ग्लोबल क्लाउड कंपनियां बाजार पर कब्जा किए हुए हैं, वहीं E2E जैसी देसी कंपनिया मेक इन इंडिया के दम पर उन्हें कड़ी टक्कर देने को तैयार हैं.
भविष्य की राह शानदार
मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार सरकार देश में एआई तकनीक को आगे लेकर जा रही है. साथ ही ग्लोबली एआई अपनी तेजी के साथ बढ़ रही है, ऐसे में क्लाउड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर की कंपनी भविष्य में निवेश के लिए अच्छा मौका बना सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं